सुहागनों ने मनाई भक्ति भाव से हरतालिका तीज।
मनावर । भाद्रपद मास की तृतीया को सुहागन महिलाओं और कुवांरी कन्याओं द्वारा हरतालिका तीज का व्रत किया जाता है। मंगलवार को नगर के सभी मंदिरों में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। अधिकांश महिलाएं निर्जला उपवास कर शिव पार्वती का पूजन-अर्चन कर कथा श्रवण करती है। मंडी प्रांगण स्थित अंबकेश्वर शिव मंदिर के पुजारी पंडित सुनिल कुमार अत्रे ने कथा में बताया कि माता पार्वती ने शिवजी को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया।तप के दौरान उन्होंने मिट्टी का शिवलिंग बनाकर उसकी पूजा अर्चना की थी। पार्वती की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने पार्वती को पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इसीलिए जहां कुंवारी कन्या अच्छे वर की कामना से यह व्रत करती है वहीं सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए इस तीज का व्रत करती है। नगर के नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, बंकनाथ अटल दरबार शिव मंदिर,जागेश्वर तथा थानेश्वर शिव मंदिरों में भी हरतालिका तीज का त्योहार मनाया गया।