Rajendra Devray / Sun, Jun 8, 2025 / Post views : 286

धार/गंधवानी । नीमच जिले के जावद जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) आकाश धार्वे के खिलाफ धार के गंधवानी थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। अपराध प्रकरण क्रमांक 169/ दिनांक 5/7/25 को धारा 69 में मामला दर्ज किया सीईओ की लिव इन पार्टनर ने शिकायत की है। आरोप है कि सीईओ ने शादी का झांसा देकर 11 साल तक संबंध बनाए। शादी का दबाव बनाया तो मना कर दिया।
गंधवानी थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। वहीं सीईओ धार्वे ने आरोपों को गलत बताया है।
*2012 में हुई थी पहली बार मुलाकात*
महिला ने शिकायत में बताया कि आकाश धार्वे पहले गंधवानी थाना क्षेत्र में रहता था। साल 2012-13 में दोनों की मुलाकात हुई थी। बातचीत प्यार में बदल गई। दोनों लिव इन में रहने लगे। 2019 में आकाश जनपद सीईओ बन गया।
साल 2022 में आकाश की नीमच में पोस्टिंग हुई। इसके बाद भी दोनों साथ रहे। इस दौरान आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान कई बार शादी का आश्वासन दिया। दिसंबर 2024 में आकाश ने शादी से इनकार कर दिया। इसी के बाद से दोनों अलग हो गए।
*गांव में पंचायत भी बुलाई, घर भी ले गया*
शादी से इनकार करने पर गांव की पंचायत भी बुलाई गई। पंचायत ने महिला के साथ रहने का निर्णय सुनाया। इसके बाद आकाश महिला को अपने गांव के घर ले गया। बाद में परिजनों ने महिला को वापस भेज दिया।
*महिला ने कहा-सीईओ ने खुद के अपहरण की साजिश रची*
6 फरवरी को उज्जैन-नागदा रोड पर सीईओ का अपहरण किया गया था। नागदा में उज्जैन और नीमच पुलिस ने घेराबंदी कर सीईओ को छुड़ाया था। इस मामले में बेटमा तहसीलदार जगदीश रंधावा, 5 पटवारी, एक महिला समेत 13 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
महिला ने अपहरण की इस घटना को झूठा बताया है। उसका कहना है कि उस दिन धार्वे ने खुद उसके परिजनों को शादी की बात करने बुलाया था, लेकिन बाद में अपने ही अपहरण की कहानी रच दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन