*फर्जी बैंक खाता खोलकर धोखाधड़ी करने वाले 2000/- रुपए के ईनामी आरोपी बैंक मैनेजर आर. के. झा को उज्जैन से किया गिरफ्तार*
थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए फर्जी बैंक खाता खोलकर धोखाधड़ी करने वाले एवं ₹2000/- के ईनामी आरोपी, तत्कालीन बैंक मैनेजर आर. के. झा को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड लिया गया है ताकि प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं गहन पूछताछ की जा सके।
प्रारंभ में कोतवाली जिला खरगोन में विदेश में निवासरत एक महिला फरियादिया द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया कि यूको बैंक सेंधवा में उसके नाम से फर्जी खाता खोलकर धोखाधड़ी से रुपए निकाले गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि अनंत तायल, उसकी पत्नी नमिता तायल, उनके मुनीम रेहमान अली, एवं तत्कालीन बैंक मैनेजर आर. के. झा की मिलीभगत से उक्त फर्जी खाता खोला गया था और अवैध रूप से रकम निकाली गई। इस गंभीर अपराध पर थाना सेंधवा शहर में अपराध क्रमांक 379/2024 अंतर्गत धाराएं: 419, 420, 467, 468, 471, 120-बी भारतीय दंड संहिता (भादंवि) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री जगदीश डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी एवं मैनुअल स्रोतों से जानकारी संकलित कर आरोपी आर. के. झा को उज्जैन से गिरफ्तार किया। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पूछताछ की जा रही है, साथ ही उनकी चल-अचल संपत्तियों की जानकारी एकत्रित कर कुर्की की कार्यवाही न्यायालय में प्रचलन में है।
*गिरफ्तार आरोपी:*
1.आर. के. झा – तत्कालीन बैंक मैनेजर, यूको बैंक सेंधवा।
*फरार आरोपीगण:*
1.अनंत पिता द्वारिकाप्रसाद तायल – निवासी जवाहरगंज, सेंधवा।
2.नमिता पति अनंत तायल – निवासी जवाहरगंज, सेंधवा।
3.रेहमान पिता आबिद अली – निवासी मोतीबाग, सेंधवा।
*फरार आरोपियों की गिरफ्तारी या सूचना देने वाले को ₹2000/- के इनाम की घोषणा की गई है। सूचना देने वाले का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा।*