Rajendra Devray / Thu, May 8, 2025 / Post views : 253
नालछा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक चौधरी ने गुरुवार को नालछा विकासखंड की ग्राम पंचायत लुनेहरा और जीरापुरा का औचक निरीक्षण किया। यह दौरा समग्र ई-केवाईसी अभियान की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया था। सीईओ ने ग्राम पंचायत लुनेहरा के पटलियापूरा में ई-केवाईसी केंद्र पर पहुंचकर चल रहे कार्य का जायजा लिया और हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। केवाईसी की कम संख्या पर सीईओ ने गहरी नाराज़गी जताई।
समग्र ई केवाईसी अभियान का कार्य सभी ग्राम पंचायतो में चल रहा है।शासन का लक्ष्य की समय सीमा में रहते हुए सभी लोगों की ई केवाईसी हो जाए।
*लुनेहरा में धीमी प्रगति पर नाराज़गी*
निरीक्षण के दौरान लुनेहरा पंचायत में ई-केवाईसी की कम संख्या पर सीईओ ने गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने बताया कि अभी तक लगभग 345 हितग्राहियों की केवाईसी बाकी है और पूरे दिन में केवल 6 केवाईसी होना अत्यंत असंतोषजनक है। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और लक्ष्य समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
*जीरापुरा में कार्य संतोषजनक, सीईओ ने की सराहना*
इसके पश्चात सीईओ श्री चौधरी ग्राम पंचायत जीरापुरा के पांडू खाल पहुंचे, जहां ई-केवाईसी कार्य संतोषजनक पाया गया। उन्होंने वहां की टीम और ग्रामवासियों की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने पंचायत सचिव अंतर परमार से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। सरपंच कैलाश मावी मोबिलाइजर व अन्य ग्रामीण कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए मिले।
*जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक*
जनपद पंचायत के बैठक कक्ष में जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को दो दिनों में तकनीकी स्वीकृति देकर शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने डगवेल, खेत तालाब जैसे कार्यों को बारिश से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
*अधिकारियों की उपस्थिति*
इस अवसर पर जनपद पंचायत के सीईओ संदीप डावर, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी नीता भंवर, एपीओ प्रवीण भाटी, सब इंजीनियर मुकेश भाबर, संदीप गांगले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन