*फर्जी तरिके से सोने के सिक्के ले जाने वाला आरोपी थाना बड़वानी पुलिस की गिरफ्त में*
*थाना बड़वानी पुलिस ने फर्जी डाक्टर बन ज्वैलर्स की दुकान से धोखाधड़ी कर सोने के सिक्के ले जाने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार*
*आरोपी से 02 सोने के 10-10 ग्राम के कुल वजनी 20 ग्राम सोने के सिक्के व घटना में प्रयुक्त वाहन मारुती स्विफ्ट डिजायर कार की जप्त*
थाना बड़वानी पर दिनांक 23.01.2025 को दीपाली पिता राजेश अलावे, निवासी ग्राम सोंदुल, जो चौकसीवाला ज्वेलर्स बड़वानी में सेल्स मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 21.01.2025 को सुबह 11:15 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। बातचीत के दौरान उसने खुद को डॉ. जैन, माँ रेवा हॉस्पिटल बड़वानी का चिकित्सक बताया और कहा कि उसे 10 ग्राम वजनी एक सोने का सिक्का खरीदना है तथा उसकी डिलीवरी माँ रेवा हॉस्पिटल में करनी होगी।
इसके बाद दुकान के कर्मचारी चेनसिंह को सिक्का देकर माँ रेवा हॉस्पिटल भेजा गया। पार्किंग में एक व्यक्ति, जिसने फॉर्मल पैंट-शर्ट पहन रखी थी, मिला और खुद को डॉ. जैन बताते हुए सिक्का प्राप्त किया। उसने बताया कि भुगतान नागौर मेडिकल, जिला अस्पताल बड़वानी के सामने स्थित दुकान पर मिल जाएगा। जब चेनसिंह नागौर मेडिकल पहुंचा, तो उसे पता चला कि वहां कोई नेहा या मनोज नामक व्यक्ति कार्यरत नहीं है। जब वह वापस माँ रेवा हॉस्पिटल लौटा, तो वह व्यक्ति वहां से गायब था। इस पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए *पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल पाटीदार एवं एसडीओपी श्री दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह* के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों से अपराध की गहन जांच की। घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें एक संदिग्ध व्यक्ति अपराध करते हुए दिखा। पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति का पीछा किया, जिसमें वह एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (DL-5-CT-0972) में बैठकर भागता नजर आया।
पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों से सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा कर वाहन की पहचान की और दिल्ली पहुंचकर उक्त वाहन की तलाश कर उस पर निगरानी रखी। काफी समय बाद फुटेज में दिखने वाला संदिग्ध व्यक्ति कार में बैठते हुए मिला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने 21.01.2025 को चौकसीवाला ज्वेलर्स बड़वानी से और 29.12.2024 को राधे श्री ज्वेलर्स, धार से 10-10 ग्राम सोने के सिक्के इसी तरीके से ठगने की बात स्वीकार की। *आरोपी संदीप पिता रामलाल सेठी* (उम्र 59 वर्ष, निवासी जंगमपुरा बी, नई दिल्ली, थाना हजरत निजामुद्दीन) के कब्जे से कुल 20 ग्राम सोने के सिक्के कीमती 1,70,196 रुपये तथा धोखाधड़ी में प्रयुक्त वाहन एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (DL-5-CT-0972) जिसकी कीमत ₹4,50,000 जब्त कर ली गई।
*पुलिस की इस सफलता में निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक रविन कन्नौज, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक जगधोद सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक, प्रधान आरक्षक रजनीश वर्मा, प्रधान आरक्षक संदेश, आरक्षक लालसिंह, आरक्षक दिनेश, आरक्षक सरदार, सायबर टीम के उपनिरीक्षक रितेश खत्री, प्रधान आरक्षक योगेश पाटील, आरक्षक अरुण, आरक्षक अर्जुन और आरक्षक मडिया डावर का योगदान सराहनीय रहा।*
*पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर ने बताया कि बड़वानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में हो रही चोरी और धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने के लिए बड़वानी पुलिस सतत प्रयास कर रही है, जिसमें उन्हें लगातार सफलता मिल रही है।*