Rajendra Devray / Sat, Jun 14, 2025 / Post views : 251
बदनावर / बड़ी चौपाटी स्थित एक ट्रैक्टर शोरूम के कर्मचारी के साथ किश्त नहीं भरने की बात पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्थर से हमला कर युवक को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। घायल को भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश जाट पिता गेंदालाल जाट निवासी ग्राम रतनपुरा, थाना कानवन मेसी ट्रैक्टर शोरूम, बड़ी चौपाटी बदनावर पर कार्यरत है। दिनेश ने बजाज फाइनेंस कंपनी से पर्सनल
लोन ले रखा है, जिसकी मासिक किश्तें वह नियमित भरता रहा है। बीते महीने की किश्त नहीं भर पाने पर गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे जब वह शोरूम के बाहर खड़ा था, तभी बजाज फाइनेंस के कर्मचारी राहुल पिता रायसिंह राजावत निवासी ग्राम भिड़ावत अपने दो साथियों के साथ आया। राहुल ने दिनेश से गाली गलौज करते हुए कहा कि तू किश्त क्यों नहीं भर रहा है और गालियां दीं। जब दिनेश ने इसका विरोध किया, तो राहुल ने पास ही पड़ा पत्थर उठाकर दिनेश के सिर और नाक पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद नरेंद्रसिंह डोडिया (निवासी रतनपुरा) ने बीच-बचाव किया। हमला कर रहे तीनों आरोपियों ने जाते समय धमकी दी कि आज तो बच गया, अगली बार किश्त नहीं भरी तो जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद नरेंद्र डोडिया घायल दिनेश को तुरंत शासकीय अस्पताल बदनावर लेकर गया, जहां उपचार के बाद दिनेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाहा ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन