Rajendra Devray / Wed, Sep 16, 2026 / Post views : 25
कन्या हाई स्कूल में भारी-भरकम गेट गिरने से छात्रा घायल, अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक मेड़ा ने अधिकारियों को घेरा
छात्रा की हालत जानी, सहायक आयुक्त को फोन कर जताई नाराजगी; बोले—स्कूल-छात्रावासों में लगातार घटनाएं, बच्चों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं

नालछा। शासकीय कन्या हाई स्कूल नालछा में मंगलवार को भारी-भरकम लोहे का गेट गिरने से कक्षा सातवीं की छात्रा चांदनी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल धार ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। छात्रा के पैर में 10 से अधिक टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल पहुंचकर पूर्व विधायक मेड़ा ने जानी छात्रा की स्थिति

घटना की जानकारी मिलने के बाद धरमपुरी क्षेत्र के पूर्व विधायक पाचीलाल मेड़ा जिला अस्पताल धार पहुंचे। उन्होंने घायल छात्रा और उसके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। छात्रा की स्थिति और घटना की जानकारी लेने के बाद मेड़ा ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई।
पूर्व विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्कूल और छात्रावासों में लगातार घटनाएं सामने आना गंभीर विषय है। जिम्मेदार अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सहायक आयुक्त को फोन लगाकर जताई नाराजगी
पूर्व विधायक मेड़ा ने अस्पताल से ही सहायक आयुक्त पारुल जैन को फोन लगाया और धरमपुरी क्षेत्र के स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर स्कूलों की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मेड़ा ने अधिकारियों से स्कूल भवन, गेट, परिसर तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराने और जहां भी लापरवाही सामने आए, वहां जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग की बात भी कही।
जिम्मेदारी तय करने की मांग
पूर्व विधायक ने कहा कि किसी भी स्कूल में ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए, जहां जर्जर अथवा असुरक्षित संरचना विद्यार्थियों के लिए खतरा बन जाए। उन्होंने पूरे क्षेत्र के स्कूलों और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की।
सहायक आयुक्त ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
स्कूल प्रबंधन ने बताया—गेट पर चढ़कर प्रवेश कर रही थी छात्रा
स्कूल प्रबंधन के अनुसार छात्रा गेट पर चढ़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान लोहे का गेट गिर गया और छात्रा घायल हो गई। हालांकि, घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अब यह भी जांच का विषय है कि भारी-भरकम गेट की स्थिति क्या थी और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए वहां आवश्यक इंतजाम किए गए थे या नहीं।
घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। अब निगाहें प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं कि हादसे के लिए जिम्मेदारी तय होती है या नहीं और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन