Rajendra Devray / Sun, May 25, 2025 / Post views : 25





परिवार एवं समाज के उत्थान के लिए बालिका शिक्षा है जरूरी-महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल
बड़वानी 25 मई 2025/वर्तमान समय में जो मौसम चल रहा है कि सुबह ठंड लगती है, दोपहर में तेज गर्मी एवं शाम होने तक बारिश होने लगती है यह सब जलवायु परिवर्तन के कारण हो रहा है। और जलवायु परिवर्तन के लिए हम मनुष्य ही इसके दोषी है, क्योकि हमने वनों को काटकर उन्हे खत्म कर दिया है। प्रकृति ने तो हर मौसम के लिए चार माह का समय निर्धारित किया है परन्तु मनुष्य ने अपने स्वार्थ के लिए वनों को खत्म कर प्रकृति के चक्र में अवरोध उत्पन्न किया है। वर्तमान में मौसम का जो स्वरूप है उसके लिए यह आवश्यक है कि हम सभी अधिक से अधिक पेड़ लगाकर प्रकृति का पुनः श्रृंगार करे।
प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने उक्त बाते रविवार को ग्राम लोटनदेव में गुजराती चारण समाज न्यास द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। इस दौरान उन्होने कहा कि प्रकृति ने हमे बहुत कुछ दिया है, परन्तु मनुष्य ने तो सिर्फ लिया ही लिया हैं। प्रकृति में मनुष्य की हर राशि, नक्षत्र के हिसाब से भी पेड़ निर्धारित है। अगर हर व्यक्ति वर्षाकाल में मात्र दो ही पेड़ लगाकर उन्हे बड़ा करे तो जलवायु परिवर्तन की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सकता है। अन्यथा इसी तरह वनों का दोहन होता रहा तो आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन की भयावह स्थिति हमारे समक्ष होगी और हम उसका सामना भी नही कर पायेंगे।
बालिका शिक्षा पर दिया जोर
महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने अपने उद्बोधन में बालिका शिक्षा पर जो देते हुए कहा कि परिवार एवं समाज के उत्थान के लिए सभी लोग अपनी बेटियों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करे। क्योकि बेटी जब शिक्षित होगी तो वह अपने मायके एवं ससुराल दोनो का नाम रोशन करेगी। शिक्षा के कारण उसकी शादी अच्छे परिवार में होगी जहां पर वह अपने बच्चों को भी शिक्षा देकर उनका भी जीवन संवारेगी। शिक्षित माता ही बच्चों में वे सभी संस्कारों को डाल सकती है जो आगे चलकर समाज और देश की उन्नति के लिए आवश्यक है, एक शिक्षित मां 100 शिक्षकों के बराबर है ।
आवड़ माता जी का किया पूजन अर्चन
ग्राम लोटनदेव पहुंचकर महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने सबसे पहले ग्राम में स्थित श्री आवड़ माताजी के मंदिर में पहुंचकर माताजी का पूजन अर्चन कर ग्रामवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही मंदिर में उनके स्वागत में खड़ी चारण समुदाय की बालिकाओं के सिर पर हाथ रखकर उन्हे आर्शीवाद भी दिया। साथ ही महामहिम राज्यपाल ने मंदिर के समीप ही त्रिवेणी के पौधे का भी रोपण किया।
चारण समुदाय की पारंपरिक पगड़ी, जैकेट एवं तीर कमान भेंटकर किया स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर महामहिम राज्यपाल श्री पटेल का स्वागत चारण समुदाय की पारंपरिक पगड़ी एवं जैकेट पहनाकर ग्राम के श्री हुकुमनाथा चारण , भूरारामजी चारण, जीवाजी चारण एवं शिवाजी चारण ने किया। इस दौरान ग्राम के सरपंच एवं उप सरपंच ने महामहिम राज्यपाल को स्मृति स्वरूप तीर कमान भी भेंट किया।
शहीद की पत्नि को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल, चारण समुदाय के अध्यक्ष श्री वल्लभ भाई पटेल एवं श्री हीरालाल पाटीदार ने ग्राम नरावला के शहीद श्री नायक बघेल की धर्मपत्नि श्रीमती सतोषी बघेल को पटेल मोटर्स की तरफ से चेक एवं साड़ी देकर सम्मानित किया।
कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रदेश की प्राविण्य सूची में स्थान पाने वाली बालिकाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने कक्षा 10वीं एवं 12 वीं में प्रदेश की प्राविण्य सूची में अपना स्थान बनाने वाली जिले की कक्षा 12वी की छात्रा सुश्री राधिका सोनी एवं 10वी की छात्रा लीना यादव को प्रशस्ति पत्र एवं चेक देकर सम्मानित किया गया।
टीबी मरीजों को किया पोषण आहार किट का वितरण
कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने अतिथियों के साथ सुशीला देवी उमरावसिंह पटेल सेवा संस्थान खरगोन-बड़वानी के सौजन्य से 2 टीबी मरीजों को प्रतीकात्मक रूप से पोषण आहार का किट का वितरण किया। साथ ही एक सिकलसेल पाजिटिव बालक को दिव्यांगता प्रमाण पत्र का वितरण किया।
50 करोड़ की लागत से क्षेत्र में बनेगा विशेष स्वास्थ्य केन्द्र
कार्यक्रम के दौरान चारण समुदाय के अध्यक्ष श्री वल्लभ भाई पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि वे हमेशा से ही अपने क्षेत्र एवं समाज के लिए कुछ करना चाहते हैै। उन्हे हमेशा ही अपने समाज के युवा वर्ग की फिक्र रहती है, उनका हमेशा से ही यही फोकस रहता था कि उनके समाज का युवा कही भटक न जाये। इसे ध्यान में रखते हुए श्री वल्लभ भाई एवं कार्यक्रम के विशेष अतिथि श्री हीरालाल पाटीदार ने मंच से यह घोषणा की, कि 50 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में एक विशेष स्वास्थ्य केन्द्र बनेगा जो कि आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से संबंद्ध रहेगा। साथ ही समाज के युवा वर्ग के लिए एक स्किल डेवलपमेंट केन्द्र खोला जायेगा जहां पर उन्हे शिक्षित कर काम सीखाकर रोजगार भी दिया जायेगा। इन्द्रपुर से लोटनदेव मार्ग निर्माण में भी सरकार को उनके द्वारा विशेष सहयोग दिया जायेगा।
लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने भी कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, पेयजल एवं सड़क हेतु किए जा रहे कार्याे की जानकारी देकर जन समस्याओं का निराकरण करने का आश्वाशन दिया। साथ ही क्षेत्र में किये जा रहे सिकल सैल एनीमियम एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत किये जा रहे सराहनीय कार्यों का भी जिक्र किया।
यह थे उपस्थित
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल, डीआईजी श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, कलेक्टर सुश्री गुंचा सनोबर, पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डाबर, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, गुजराती चारण समाज न्यास के अध्यक्ष श्री वल्लभ भाई पटेल, विशेष अतिथि श्री हीरालाल पाटीदार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजय यादव ग्राम की सरपंच आनंदीबाई बमनका सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन