कुक्षी फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला भी धराया कुक्षी पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया; हजूर खान को बनाया था श्यामलाल
कुक्षी पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक आरोपी को राजस्थान के फलोदी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी डूंगरराम पिता प्रेमाराम प्रजापत (23) निवासी चाडी, जिला फलोदी (राजस्थान) ने हजूर खान नामक व्यक्ति को श्यामलाल बनाकर फर्जी आधार कार्ड उपलब्ध कराया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कुक्षी लाया गया और कोर्ट में पेश करने पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि हजूर खान पिछले 12 वर्षों से कुक्षी के सूतार मोहल्ले में 'बाबा रामदेव कैटरर्स' के नाम से हलवाई का काम कर रहा था। वह अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर श्यामलाल के नाम से रह रहा था। हजूर खान मूल रूप से राजस्थान के फलोदी जिले की आऊ तहसील के ग्राम चाडी का निवासी है, जहां उसके परिवार में दो भाई और पिता कृषि कार्य करते हैं।
रिमांड के दौरान हजूर खान ने खुलासा किया कि वह तीर्थयात्री बसों में हलवाई के रूप में काम करता था। धार्मिक तीर्थ स्थलों पर धर्मशालाओं और लॉज में ठहरने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता होती थी।
अपनी मुस्लिम पहचान उजागर न हो, इसके लिए उसने अपने गांव के परिचित डूंगरराम से संपर्क किया। डूंगरराम ने उसे श्यामलाल के नाम से एक फर्जी आधार कार्ड बनवाकर भेजा था। हजूर खान की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उसे भी जेल भेज दिया गया है।