Rajendra Devray / Sat, Nov 7, 2026 / Post views : 30
बड़वानी… 8 पटाखा दुकानों को नोटिस जारी , विरोध में सभी दुकानदारों ने दुकानें बंद कर शुरू किया प्रदर्शन
व्यापारियों का सवाल- मैदान में सभी दुकानें एक जैसी, फिर सिर्फ हमें ही नोटिस क्यों?
एसडीएम बोले- लाइसेंसधारी की जगह दूसरे लोग मिले, फायर सेफ्टी के इंतजाम भी नहीं; विरोध के चलते पटाखे खरीदने पहुंचे ग्राहक लौटे खाली हाथ
दीपावली की खुशियों के बीच दशहरा मैदान का पटाखा बाजार शनिवार को विरोध का केंद्र बन गया।
आठ पटाखा व्यापारियों को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद विवाद गहरा गया।

नाराज व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मैदान में ही जमीन पर बैठकर विरोध जताया।
व्यापारियों का कहना है कि जब तक नोटिस का निराकरण नहीं होता, तब तक वे दुकानें नहीं खोलेंगे।
पांच बिंदुओं पर मिली कमियां, आठ को नोटिस

व्यापारी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि एसडीएम कार्यालय की ओर से पटवारी के माध्यम से आठ व्यापारियों को नोटिस दिए गए हैं।
इनमें दुकानों के बीच निर्धारित तीन मीटर की दूरी नहीं होना, मौके पर लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिलना, स्थानीय भाषा में चेतावनी बोर्ड नहीं लगाना और अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन में कमी सहित पांच बिंदुओं का उल्लेख किया गया है।
व्यापारियों ने उठाया चयनात्मक कार्रवाई का सवाल
व्यापारियों का कहना है कि दशहरा मैदान में कुल 48 दुकानें लगी हैं
और सभी की व्यवस्था लगभग एक जैसी है।
इसके बावजूद केवल आठ दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
यदि दुकानों में कमियां हैं तो सभी के लिए समान नियम लागू होने चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए दुकानें बंद रखीं।
एसडीएम बोले- लाइसेंसधारी नहीं, दूसरे लोग चला रहे थे दुकाने एसडीएम भूपेंद्र रावत ने बताया कि दशहरा मैदान में पटाखा बिक्री के लिए 50 दुकानों के लाइसेंस जारी किए गए हैं।
लाइसेंस जारी होने के बाद प्रशासनिक टीम ने बाजार का निरीक्षण किया था।
इस दौरान कुछ दुकानों पर लाइसेंसधारी के बजाय अन्य लोग दुकान संचालित करते मिले।
इसके अलावा फायर सेफ्टी के आवश्यक संसाधन भी नहीं पाए गए।
निरीक्षण में जिन दुकानों पर कमियां सामने आईं, उनमें से आठ दुकानदारों को नोटिस जारी कर सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है।
पटाखे खरीदने पहुंचे लोग लौटे खाली हाथ
इधर, व्यापारियों के विरोध के कारण पटाखा बाजार में खरीदारी ठप रही।
शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से परिवारों के साथ पटाखे खरीदने पहुंचे लोगों को दुकानें बंद मिलीं।
कई ग्राहक बिना खरीदारी किए ही वापस लौट गए। दीपावली के ऐन पहले उपजे इस विवाद से जहां व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार दोपहर में दुकानदारों को नोटिस मिलने के बाद शाम 4 बजे दुकानदारों ने एकत्रित होकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए पटाखा दुकान बंद कर दी।
शाम 5 बजे तक फिलहाल दुकान बंद थी। अब देखना होगा कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच कब सहमति बनती है और पटाखा बाजार दोबारा खुलता है।
दीपावली के पहले दिन सड़कों पर उतरी पुलिस, शहर में निकाला पैदल फ्लैग मार्च; सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश
प्रशासन की समझाइश के बाद फिर खुलीं पटाखा दुकानें, शुरू हुई आतिशबाजी की खरीदारी
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन