Rajendra Devray / Tue, Jul 14, 2026 / Post views : 345
फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट के जरिए ₹2.87 लाख की साइबर ठगी, मनावर पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
मनावर, धार। मनावर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फेसबुक के माध्यम से फर्जी पहचान बनाकर निवेश का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में साइबर ठगी के मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं ठगी की राशि की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, एसडीओपी मनावर बृजेश कुमार मालवीय तथा थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने हरियाणा, महाराष्ट्र एवं इंदौर सहित विभिन्न स्थानों पर आरोपियों की तलाश की।
जांच के दौरान पुलिस ने जैद पिता जमील खान (22 वर्ष), निवासी श्रीनगर, थाना एमआईजी, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया। मामले में अनीश शेख एवं उसके अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को मनावर निवासी अनिल अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी फेसबुक आईडी पर "काव्या परिहार" नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद लिंक भेजकर खाता खुलवाया गया और अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किश्तों में उनसे ₹2,87,000 की ठगी कर ली गई।
इस शिकायत पर थाना मनावर में अपराध क्रमांक 833/25 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर आने वाली अज्ञात फ्रेंड रिक्वेस्ट, निवेश संबंधी लिंक अथवा अधिक लाभ का लालच देने वाले ऑनलाइन प्रस्तावों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर धनराशि का लेन-देन न करें।
कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, उपनिरीक्षक मनीष चौधरी, आरक्षक जितेंद्र कुशवाह सहित साइबर टीम धार के उपनिरीक्षक प्रशांत गुंजाल, प्रधान आरक्षक 71, आरक्षक शुभम, प्रशांत चौहान एवं अन्य टीम सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन