Rajendra Devray / Wed, Jul 29, 2026 / Post views : 177
गायत्री शक्तिपीठ अंजड़ में धूमधाम से मनाई गई गुरूपूर्णमा सैकड़ो भक्तों ने ली गुरु दीक्षा के साथ नशा मुक्ति की शपथ दिलाई
गुरु की शक्ति अनंत होती है, और गुरु की शक्ति भगवान के रूप में होती है, गुरु की शक्ति सूर्य के रूप में होती है, सच्चा गुरु वही है जो अपने शिष्य को परखता है और अपनी सारी शक्तियों को उस सुपात्र शिष्य में उंडेल देता है।

उक्त बात गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गायत्री शक्तिपीठ अंजड़ में गायत्री परिवार कसरावद तहसील के सह समन्वयक बलिराम पटेल ने कही।श्री पटेल ने गुरु महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने गायत्री मंत्र के 24 अक्षरों की साधना की है

और गायत्री महामंत्र के एक एक अक्षर में हजारों मंत्र निहित है तथा गुरुदेव ने गायत्री मंत्र को सिद्ध किया है ऐसे महामंत्र की शक्ति गुरुदेव हमें देना चाहते हैं। प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करने से आपके जीवन में अद्भुत परिवर्तन आएगा।

हमें पूरे भारत देश में जन जन तक गुरुदेव के विचारों को फैलाना है और उनके द्वारा चलाए गए गायत्री अभियान को आगे बढ़ाना है। आज गुरुपूर्णिमा पर लिया गया यही संकल्प अपने गुरु के प्रति शिष्य का सच्चा समर्पण होगा।

इस अवसर पर श्री पटेल ने शास्त्रोक्त मंत्रों के माध्यम से उपस्थित सैकड़ों नवीन परिजनों को गुरुदीक्षा ग्रहण करवाई।कार्यक्रम के पूर्व सजल श्रद्धा प्रखर प्रज्ञा में स्थित गुरु चरण पादुकाओं का पूजन किया गया एवं 9 कुण्डीय यज्ञ का आयोजन हुआ जिसमें अनेक श्रद्धालुओं ने आहुतियां प्रदान की।
इस मौके पर अंजड़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमी जिन्होंने नन्हें पौधों की सेवा कर उन्हें बड़े वृक्षों का रूप दिया ऐसे तरुपुत्रों का कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रूपचंद इच्छापुर वाला एवं कैलाश अग्रवाल ने शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया ।
वहीं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रथम द्वितीय आए अंजड़ और ग्रामीण स्कूली बच्चों का शील्ड और प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मान किया गया। शक्तिपीठ के मुख्यट्रस्टी जगदीश एग्रो पाटीदार ने शक्तिपीठ पर आयोजित होने वाली पूरे वर्षभर की व्यक्ति सुधारक और समाज को जागृत करने वाली गतिविधियों का ब्यौरा दिया तथा गायत्री परिवार से जुड़ने का आव्हान किया।
कार्यक्रम में छोटे बच्चे देव सावन पाटीदार, हिमांक विपिन पाटीदार,मोक्ष ललित पाटीदार एवं कुमारी हर्षी राहुल पाटीदार ने सुमधुर संगीत के माध्यम से प्रज्ञा गीतों की प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।कार्यक्रम का कुशल संचालन परिव्राजक राहुल पंडित ने किया वहीं कार्यक्रम की समाप्ति पश्चात सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन