Rajendra Devray / Sun, Sep 13, 2026 / Post views : 458
रिश्तों में दरार इतनी गहरी कि दामाद ने ससुर को चाकू से गोद कर मार डाला
👉 पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था आरोपी, विवाद के बाद ससुर की हत्या; पत्नी और दादी सास भी गंभीर घायल—घटना ने रिश्तों में बढ़ती हिंसा पर खड़े किए सवाल
बगड़ी/नालछा। रिश्तों में बढ़ती तल्खी और विवादों के हिंसक रूप लेने की एक दर्दनाक घटना ने नालछा थाना क्षेत्र के ग्राम बगड़ी को झकझोर कर रख दिया।

👉 शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक दामाद ने कथित विवाद के बाद अपने ही ससुर पर चाकू से हमला कर दिया।
👉 हमले में ससुर की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने अपनी पत्नी और दादी सास पर भी चाकू से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
👉घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते परिवार तथा आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। अचानक हुए इस हमले से परिजन सकते में आ गए।
पत्नी को लेने आया था, विवाद के बाद ससुर पर किया हमला
नालछा थाना प्रभारी कैलाश बारिया के अनुसार आरोपी अजय पिता कन्हैयालाल निवासी मांगोद-अमझेरा शुक्रवार दोपहर अपनी पत्नी कोमल को लेने उसके मायके बगड़ी पहुंचा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि आरोपी ने पत्नी को गाली-गलौज की और इसके बाद अचानक अपने ससुर महेश पिता प्रहलाद, उम्र 42 वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया।
बताया गया कि आरोपी ने महेश पर शरीर के करीब पांच स्थानों पर चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल महेश खून से लथपथ हो गए।

इसके बाद आरोपी ने पत्नी कोमल और दादी सास सुगन बाई पर भी चाकू से हमला कर दिया।
👉 दोनों को गंभीर चोटें आईं।
रास्ते में ही टूट गई जिंदगी की डोर
हमले के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल महेश को तत्काल धार अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें इंदौर रेफर किया।
परिजनों के अनुसार इंदौर ले जाते समय रास्ते में ही महेश ने दम तोड़ दिया।
वहीं घायल कोमल और सुगन बाई का भी प्राथमिक उपचार कराया गया।
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में भी इस वारदात को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
👉 'सब कुछ सामान्य था, अचानक कर दिया हमला'
परिवार के रवि ने बताया कि घटना से पहले सब कुछ सामान्य था।
किसी को अंदाजा नहीं था कि विवाद इतना बढ़ जाएगा। अचानक आरोपी ने हमला कर दिया।
देखते ही देखते परिवार के लोग घबरा गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
शनिवार सुबह इंदौर में मृतक महेश के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
दोपहर में शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गमगीन माहौल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में मुक्तिधाम पर महेश का अंतिम संस्कार किया गया।
👉 एक घटना ने खड़ा किया बड़ा सामाजिक सवाल
यह वारदात केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि रिश्तों में बढ़ते तनाव और छोटी-छोटी बातों के हिंसक रूप लेने की चिंताजनक तस्वीर भी सामने रखती है।
पति-पत्नी के विवाद में जब परिवार के बुजुर्ग और रिश्तेदार भी हिंसा का शिकार होने लगें तो यह समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
विवाद और मतभेद हर परिवार में हो सकते हैं, लेकिन बातचीत, समझाइश और कानून का रास्ता छोड़कर हिंसा का सहारा लेना किसी समस्या का समाधान नहीं है। बगड़ी की इस घटना ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया और कई जिंदगियों को दर्द दे दिया।
थाना प्रभारी कैलाश बारिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन