Rajendra Devray / Sat, Jun 13, 2026 / Post views : 272
9.51 करोड़ की लागत से बना नया सिविल अस्पताल शुरू नहीं, 60 साल पुराने जर्जर भवन में चल रहा इलाज
मनावर। मनावर नगर के सेमल्दा मार्ग पर लगभग 9 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से निर्मित 30 बिस्तरों वाले नवीन सिविल अस्पताल का भवन तैयार होने और विधिवत क्षेत्र के विधायक डॉ हीरा अलावा के द्वारा शुभारंभ होने के बाद भी अस्पताल का संचालन शुरू नहीं किए जाने पर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने इसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मनावर का वर्तमान सिविल अस्पताल भवन करीब 60 वर्ष से अधिक पुराना होकर जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुका है। इसके बावजूद आज भी इसी भवन में मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने भवन की स्थिति किसी भी समय गंभीर हादसे को आमंत्रित कर सकती है, जिससे मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि करोड़ों रुपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया अस्पताल भवन तैयार होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण मनावर सहित गंधवानी, धरमपुरी, कुक्षी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर तैयार अस्पताल भवन खाली पड़ा हुआ है और मरीजों को पुराने एवं जर्जर भवन में उपचार कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्र के विधयक डॉक्टर हीरालाल अलावा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नए सिविल अस्पताल भवन में तत्काल प्रभाव से अस्पताल का संचालन प्रारंभ किया जाए, ताकि जनता को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।मनावर विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्र की
जनता का कहना है कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। फिलहाल क्षेत्रवासी नए अस्पताल भवन को जल्द शुरू किए जाने की मांग को लेकर लामबंद होते दिखाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन