Rajendra Devray / Thu, Apr 30, 2026 / Post views : 343
आधी रात बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा एसडीएम निवास के बाहर प्रदर्शन अधिकारी रहे नदारद
सन्नी माली
कुक्षी में बुधवार देर रात बिजली कटौती से त्रस्त लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में नागरिक एसडीएम विशाल धाकड़ के निवास के बाहर पहुंच गए और बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

अधिकारियों की चुप्पी से बढ़ा आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान न तो एसडीएम विशाल धाकड़ और न ही बिजली विभाग के डीई मौके पर पहुंचे और न ही उन्होंने लोगों से बातचीत की। अधिकारियों की इस बेरुखी से प्रदर्शनकारियों में नाराजगी और बढ़ गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए यातायात को सुचारु किया। साथ ही प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया गया।

गर्मी और शादी सीजन में बढ़ी मुश्किलें
भीषण गर्मी और शादी-ब्याह के मौसम में बार-बार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी चरम पर है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महीनों से मेंटेनेंस के नाम पर कटौती की जा रही है, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
लो वोल्टेज और कटौती से जनता त्रस्त
सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र पाटीदार, महिमाराम पाटीदार, सहित कई लोगों ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या जस की तस बनी हुई है और कटौती लगातार जारी है। शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित
रात के समय बिजली गुल रहने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन