Rajendra Devray / Tue, Mar 17, 2026 / Post views : 264
आगामी त्यौहारों ईद-उल-फितर, गणगौर माता पूजन एवं रामनवमी के पावन अवसर पर नगर में शांति, सुरक्षा एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा निर्देशित किया गया था जिसके पालन में थाना सेंधवा शहर द्वारा न्यू नगरपालिका सभागृह सेंधवा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीओपी श्री अजय वाघमारे, थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह, नायब तहसीलदार श्री सुधीर कुमार शर्मा एवं नगर पालिका से श्री विशाल जोशी की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि एवं उत्सव समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही रामनवमी जुलूस एवं गणगौर विसर्जन के मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा मार्गों में आने वाली बाधाओं जैसे झूलते विद्युत तार एवं गड्ढों को समय रहते दुरुस्त करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

थाना प्रभारी द्वारा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा सांप्रदायिक पोस्ट साझा न करने की अपील की गई तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त नगर पालिका को पेयजल, साफ-सफाई एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से अपील की गई कि सभी नागरिक आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए त्यौहार मनाएं एवं किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न करें। बैठक के अंत में उपस्थित नागरिकों द्वारा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन