Rajendra Devray / Mon, Jun 22, 2026 / Post views : 207
श्रावण माह में होगी सात दिवसीय श्रीमद्भागवत और खाटूश्याम कथा, ज्ञान गंगा समिति की बैठक में बनी रूपरेखा
मन्दिर पहुंच मार्ग कच्चा होने से भक्तों में रोष, नगर परिषद से जल्द CC रोड बनाने की मांग
अंजड:- सार्वजनिक ज्ञान गंगा सत्संग समिति की आवश्यक बैठक आज रात्रि 7:30 बजे नगर के प्रसिद्ध श्री खटूश्याम मन्दिर में सम्पन्न हुई। बैठक में श्री खटूश्याम मन्दिर समिति के सदस्यों ने भी प्रमुखता से भाग लिया।

बैठक में आगामी पवित्र श्रावण माह में श्री खटूश्याम मन्दिर प्रांगण में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत व श्री खाटूश्याम कथा के आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई।

आयोजन की रूपरेखा तैयार कर विभिन्न समितियों का गठन किया गया और सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ समिति के नए सदस्य भी बनाये गए।
तारीख एक सप्ताह में होगी तय
समिति सदस्यों ने बताया कि कथावाचक से सम्पर्क किया जा रहा है। श्रावण माह में आयोजन की निश्चित तारीख आगामी एक सप्ताह में तय कर दी जाएगी। टेंट, साउंड, बैठक व्यवस्था, पेयजल, मंच सज्जा, प्रसादी वितरण और महाआरती आदि व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से मंथन हुआ।
22वां वर्ष, 18 महापुराण हो चुके पूर्ण
श्री ज्ञान गंगा सत्संग समिति के तत्वावधान में श्रावण माह में प्रतिवर्षानुसार इस बार भी कथा का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा 2004 में श्रीमद्भागवत कथा से इसकी शुरुआत की गई थी। यह कथा का 22वां वर्ष है।
समिति अब तक श्री वेदव्यास जी द्वारा रचित सनातन धर्म के सभी 18 महापुराणों की कथा करवा चुकी है। इनमें ब्रह्म पुराण, पद्म पुराण, विष्णु पुराण, शिव पुराण, भागवत पुराण, नारद पुराण, मार्कण्डेय पुराण सहित सभी महापुराण शामिल हैं। इसके अलावा श्रीराम कथा व नानी बाई का मायरा सहित अनेक कथाओं का रसपान नगर की धर्मप्रेमी जनता को करवाया जा चुका है।
एकादशी पर उमड़ता है जनसैलाब
समिति ने बताया कि अंजड नगर में करीब चार साल से श्रीखाटूश्याम मन्दिर में श्यामबाबा विराजित हैं। यहां प्रति एकादशी पर हजारों श्याम भक्तों का जनसैलाब उमड़ता है। अंजड का श्याम मन्दिर अब पूरे क्षेत्र का सबसे प्रसिद्ध मन्दिर बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के साथ-साथ श्री श्यामबाबा की कथा का आयोजन भी मन्दिर प्रांगण में करने का निर्णय लिया गया है।
1000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था
नगर के बस्टैण्ड के समीप आशीर्वाद कॉलोनी में स्थित श्याम मन्दिर प्रांगण में भव्य टिन शेड, कूलर व पंखे आदि की माकूल व्यवस्था है। टीनशेड में लगभग एक हजार श्रद्धालुओं की बैठने की अनुकूल व्यवस्था है। बारिश के मौसम में भी कथा निर्वाध रूप से चल सकेगी। साथ ही मन्दिर के बाहर प्रांगण में भी वॉटरप्रूफ टेंट लगाकर श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इस हेतु श्री ज्ञान गंगा समिति एवं श्री खटूश्याम मन्दिर समिति के सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं।
कच्चे रोड से परेशानी, भक्तों में रोष
आशीर्वाद कॉलोनी सहित मन्दिर पहुंच मार्ग अभी कच्चा है। नगर परिषद की उदासीनता के चलते यहां अभी तक पक्का रोड नहीं बना है। एक साल पूर्व रोड का टेंडर होकर ठेकेदार को निर्माण कार्य दिया जा चुका है, लेकिन नगर परिषद द्वारा स्वीकृति नहीं मिलने से काम अटका पड़ा है।
बारिश के दिनों में यह कच्चा रोड श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बनेगा। कीचड़ अधिक होने से आने-जाने में असुविधा होगी। साथ ही कीचड़ में वाहन फिसलने व फंसने का भय भी रहेगा। पक्का CC रोड नहीं बनने से श्याम भक्तों में भारी रोष व्याप्त है। भक्तों ने नगर परिषद से मांग की है कि श्रावण माह से पहले रोड का निर्माण कार्य पूरा करवाया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन