: अंजड़ सतपुड़ा की पहाड़ी पर विराजित माँ नगरी माता के विशाल भंडारे का आयोजन दिनांक 21 दिसम्बर, शनिवार को शाम 4 बजे से किया जाएगा तैयारियां अंतिम दौर में भक्तों में उत्साह
Rajendra Devray
/
Wed, Dec 18, 2024
/
Post views : 286
अंजड़:- नगर के मध्य स्थित सतपुड़ा की पहाड़ी पर विराजित नगरी माता का विशाल भंडारे का आयोजन दिनांक 21 दिसम्बर, शनिवार को शाम 4 बजे से किया जाएगा जो देर रात्रि तक चलेगा।
माँ नगरी माता समिति सदस्यों ने बताया कि भण्डारा में कड़ी खिचड़ी की प्रसादी का वितरण किया जाएगा साथ ही सूखे मेवे से युक्त नुक्तिदाने की महाप्रसादी बनाकर मन्दिर से वितरित की जाएगी।
आयोजन को लेकर भक्तों द्वारा तैयारी जोर शोर से की जा रही है जिसमे सैकड़ो भक्त दिन रात सेवा में लगे है। सभी मंदिरों एवं प्रांगण को भगवा ध्वजों से सजाया गया, पहाड़ी के चढाई वाले रास्ते एवं आयोजन स्थल पर पेड़ो की कटाई छटाई, पानी का छिड़काव, मैदान व मन्दिर परिसर की साफ-सफाई, मन्दिर में रंग रोगन आदि कार्य युद्धस्तर पर किये जा रहे है तथा तैयारियां अंतिम चरणों मे चल रही है।
माँ नगरी माता समिति के सदस्यों ने बताया की इस आयोजन में नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र से लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालु मातारानी के दर्शन कर भोजन प्रसादी का लाभ लेंगे।
समिति सदस्यों ने बताया कि यह भव्य आयोजन नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र के सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के अलावा सभी श्रद्धालुओ के सहयोग से किया जा रहा है।
ये होंगे आयोजन:-
21 दिसम्बर, शनिवार को सुबह पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नगु मताजी एवं इंजु मताजी का पूजन अर्चन कर अभिषेक किया जाएगा तथा मातारानी का फूलों व सुंदर पोशाक से आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा साथ ही पहाड़ी पर स्थित मंदिर प्रांगण में सभी मन्दिरो और देवालयों में विद्युतसज्जा कर आकर्षक फूलो से सजाया जाएगा। शाम 4 बजे मताजी की संगीतमय महाआरती कर भोग लगाकर कन्या पूजन, कन्या भोज के बाद भोजन प्रसादी का वितरण किया जाएगा जो देर रात्रि तक चलेगा।
मातारानी का जगराता:-
इस अवसर पर मन्दिर प्रांगण में भजन संध्या के माध्यम से मातारानी का जगराता किया जाएगा व क्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायक कलाकरों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।
ये हो रही तैयारी:-
नगरी माता पहाड़ी पर 75 बाय 45 लगभग 3400 स्क्वेयर फिट की भोजनशाला का निर्माण किया जा रहा है, वही भोजन प्रसादी ग्रहण करने हेतु 200 बाय 150 लगभग 30 हजार स्क्वेयर फिट का भव्य मैदान तैयार किया गया है जहां श्रद्धालुओ को बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण करवाई जाएगी।
भोजन प्रसादी में माता बहनो की बैठक व्यवस्था अलग से की गई।
पार्किंग व्यवस्था:-
समिति सदस्यों ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन के दौरान पहाड़ी पर सभी तरह के वाहन ले जाना प्रतिबंधित रहेंगे व वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पहाड़ी के नीचे स्थित शीतला माता मंदिर के आस-पास की जाएगी।
वाहन से किया जा रहा प्रचार-प्रसार:-
वही नगरी माता के भक्तगण वाहन द्वारा नगर भ्रमण कर घर-घर से अन्नदान हेतु अनाज एकत्रित कर प्रचार प्रसार कर रहे है।
नगरी माता समिति ने नगर सहित आस-पास के सभी श्रद्धालुओ से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
फोटो:- नगरी माता का
मैदान में लगाया जा रहा टेंट व भट्टिया बनाई गई।
मन्दिर व प्रांगण को भगवा ध्वजों से सजाया गया।