Rajendra Devray / Mon, Oct 26, 2026 / Post views : 104
ग्राम पंचायतों के नवाचारों को समझने खंडवा पहुंचा 110 सदस्यीय दल
नालछा, धरमपुरी और उमरबन के जनप्रतिनिधियों ने रोशनी व कालमुखी पंचायतों का किया भ्रमण, मछली पालन, जैविक खाद और कर वसूली की व्यवस्थाओं को देखा
नालछा। संभाग स्तरीय एक्सपोजर विजिट के तहत नालछा, धरमपुरी और उमरबन के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों का संयुक्त दल खंडवा जिले के भ्रमण पर पहुंचा। इस दल में कुल 110 जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी शामिल हुए, जिनमें जनपद सदस्य, सरपंच, पंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि सम्मिलित थे। दल ने खंडवा जिले की जनपद पंचायत खालवा अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनी एवं कालमुखी का भ्रमण कर वहां संचालित विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों में अपनाए जा रहे नवाचारों को बारीकी से समझा और उन्हें अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में लागू करने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

करारोपण एवं कर वसूली की व्यवस्था को समझा
गौरतलब है कि आगामी दिनों में शासन स्तर पर ग्राम पंचायतों में करारोपण एवं कर वसूली की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बड़े स्तर पर योजना बनाई जा रही है। कर वसूली से प्राप्त राशि के आधार पर विकास कार्यों के लिए शासन से राशि जारी किए जाने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा है। इसी उद्देश्य से भ्रमण दल ने खंडवा जिले की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर करारोपण एवं कर वसूली की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

मछली पालन, जैविक खाद और जलकर व्यवस्था की जानकारी ली
एक्सपोजर विजिट में शामिल जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों में मछली पालन, जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया, कर वसूली, जलकर तथा पंचायत के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। इसके साथ ही पंचायत के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करने के तरीकों की जानकारी ली। ग्राम पंचायतों में तदर्थ समितियों एवं स्वसहायता समूहों के सदस्यों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों के संबंध में भी विस्तार से समझाया गया।

भ्रमण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में बेहतर कार्यप्रणाली, नवाचार और प्रभावी व्यवस्थाओं को समझकर उन्हें अपने क्षेत्र में अपनाना रहा।
ये रहे उपस्थित
एक्सपोजर विजिट के लिए संभाग स्तरीय मास्टर ट्रेनर शिव कुमार सिंह, प्रोग्रामर सुश्री दिव्या नागर एवं अश्विनी कल्याणी तथा जनपद स्तर से स्वच्छ भारत मिशन की ब्लॉक समन्वयक सुश्री अमिता पगारे और आरजीएसए के ब्लॉक समन्वयक पर्वत डावर को नोडल नियुक्त किया गया।
इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दिलीप डावर, जनपद सदस्य श्रीमती प्रियंका पटेल, भानु गिरवाल, कोमल बाई, मगन मुवेल सहित सरपंच रामकन्या बाई, रुमालसिंह, लक्ष्मीबाई, धर्मेंद्र, जितेंद्र तिवाड़िया, रवि वर्मा, अंकित डिंडोर, राजूबाई जामसिंह, अमरसिंह, महताब कर्मा, रेखा बाई, मांगीलाल, सीताराम सहित अन्य सरपंच एवं पंच उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन