Rajendra Devray / Sat, Oct 24, 2026 / Post views : 179
बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वतखोरी! ₹4 हजार लेते लाइन परिचालक ट्रैप
₹20 हजार की कथित मांग, ₹15 हजार पहले लेने का आरोप लोकायुक्त ने बदनावर में बिछाया जाल
सन्नी माली
बदनावर | बिजली का स्थायी कनेक्शन करवाना था, लेकिन आरोप है कि काम के बदले रिश्वत की मांग की गई! धार जिले के बदनावर में लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन को ₹4,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।कार्रवाई 23 अक्टूबर 2026 को बिजली कंपनी के बदनावर ग्रामीण कार्यालय में की गई।
₹20 हजार की मांग, पहले ही ₹15 हजार देने का आरोप
लोकायुक्त पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, ग्राम बालोदा माझी निवासी राजेश दास के पिता के नाम पर अस्थायी बिजली कनेक्शन था। इसे स्थायी करवाने के लिए आवेदन और जरूरी दस्तावेज दिए गए थे। आरोप है कि इस काम के बदले कर्मचारी ने ₹20,000 की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता का दावा है कि वह ₹10,000 नकद और ₹5,000 ऑनलाइन पहले ही दे चुका था। शेष रकम में से ₹4,000 मांगे जाने पर उसने लोकायुक्त पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
शिकायत के बाद बिछाया जाल, ₹4 हजार लेते पकड़ा
शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त इंदौर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को आरोपी सौरभ कुमार जैन को शिकायतकर्ता से ₹4,000 लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
बिजली विभाग में मचा हड़कंप!
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद बदनावर के बिजली विभाग में हलचल का माहौल है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त राजेश सहाय के मार्गदर्शन में निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा सहित आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, पवन पटोरिया, सतीश यादव और कृष्ण अहिरवार शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन