बडवानी में उदय गौ गैस एजेंसी के नाम में अवैध संचालित गैस एजेंसी को किया सील
बड़वानी 06 सितम्बर 2024/डॉ. राहुल हरिदास फटिंग कलेक्टर जिला बडवानी के आदेश पर एच.एस. मुवेल जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देशन में घरेलू गैस के दुरूपयोग की आकस्मिक जांच की गई, जिसमें नगर बडवानी से लगे एकलरा बसाहट में पारस पिता दीपक कुमावत निवासी बडवानी के द्वारा मेसर्स उदय गौ गैस के नाम से अवैध गैस एजेंसी का संचालन करना पाया गया। उक्त गैस एजेंसी के द्वारा नगर में बिना गैस कनेक्शन के अवैध रूप से गैस सिलेण्डर की आपूर्ति की जा रही थी। एजेंसी के मालिक द्वारा एकलरा बसाहट में शासन की बिना अनुमति के गैस एजेंसी के गोदाम का निर्माण करवाया गया है, जिसमें जांच समय 16 भरे एवं 165 खाली गैस सिलेण्डर भण्डारित पाये गये, जिनकी बाजार दर के अनुसार कीमत 4 लाख 5 हजार रूपये होती है।
गैस एजेंसी के मालिक पारस कुमावत से मौके पर गैस एजेंसी के संचालन के संबंध में कलेक्टर द्वारा जारी एनओसी एवं विस्फोटक विभाग का लायसेंस मांगा गया जो प्रस्तुत नहीं किया गया। इसलिए आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का उल्लंघन होने से मौके पर पाये गए सभी गैस सिलेण्डर जप्त किये गये तथा गोदाम को अगामी आदेश तक के लिए सील किया गया है। जांच में सोनू गोयल नायब तहसीलदार, दयाराम चौहान सहायक आपूर्ति अधिकारी एवं भूरमल बामने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शामिल रहे। प्रकरण अगामी कार्यवाही हेतु न्यायालय कलेक्टर जिला बडवानी में पेश किया जायेगा।