ब्यूरो चीफ अनिल जटिया
*जिला कलक्टर ने अचलपुर फार्मर रजिस्ट्री शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
प्रतापगढ़, 18 फरवरी। जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने मंगलवार को प्रतापगढ़ तहसील के अचलपुर में फॉर्मर रजिस्ट्री शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार प्रतापगढ़ उज्जवल जैन भी मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को शिविर की व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित कार्मिकों से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित कुछ लाभार्थियों को फॉर्मर आईडी भी सौंपी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन तक फार्मर रजिस्ट्री शिविर के बारे में जानकारी पहुंचाने हेतु आवश्यक प्रचार माध्यमों का उपयोग करते हुए उन्हें जागरूक करें। उन्होंने शिविर में आए किसानों को कृषि व पशुपालन विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी देने को कहा, जिससे कि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्रों तक पहुंच सके।
*किसानों को बताया फार्मर रजिस्ट्री का महत्व*
जिला कलेक्टर ने शिविर में आए किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा योजनाओं का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन करने पर जोर दिया।
जिला कलक्टर ने बताया कि भविष्य में प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक है। राज्य एवं भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों को प्रदान करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक होगी। भविष्य में नामांतरणकरण एवं क्रय पंजीयन की प्रक्रिया में भी फार्मर आईडी आवश्यक होगी।