धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार देर रात भारुडपुरा घाट पर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब धार से धामनोद की ओर जा रही कार और धामनोद से धार जा रहे आईसर वाहन की घाट क्षेत्र में आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह आईसर के नीचे दब गई, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और जाम की स्थिति बन गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन व स्थानीय लोगों की सहायता से दबे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर धामनोद के सरकारी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गोकुल पिता बद्री डावर (30 वर्ष, निवासी सराय) और कल्याण पिता रावतीय मोहरे (निवासी झीकडियापुरा) को मृत घोषित किया।
वहीं, हादसे में घायल कान्हा पिता मुन्नालाल (28), शैलेन्द्र पिता महेंद्र (17) और संदीप पिता जगदीश (22) का इलाज जारी है। इनमें से दो को गंभीर हालत में धार जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक का उपचार धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
धामनोद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और मोड़ पर गलत ओवरटेक हादसे की वजह हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों ने इस घाट पर ब्लाइंड टर्न और अपर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।