Rajendra Devray / Thu, Aug 6, 2026 / Post views : 211
151 पौधों के रोपण व रुद्राभिषेक के साथ श्रद्धा कावड़ यात्रा रवाना, 10 अगस्त को ओंकारेश्वर में होगा जलाभिषेक
भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में निकली 18वीं श्रद्धा कावड़ यात्रा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का दिया संदेश

बड़वानी/जुलवानिया। श्रीराम धर्मजागरण समिति, जुलवानिया के तत्वावधान में एवं भाजपा जिला अध्यक्ष तथा यात्रा संयोजक अजय यादव के नेतृत्व में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में 18वीं श्रद्धा कावड़ यात्रा ओंकारेश्वर धाम के लिए रवाना हुई। यात्रा 10 अगस्त को ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर महादेव का पवित्र जलाभिषेक करेगी।

यात्रा का शुभारंभ जुलवानिया स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर परिसर में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत 151 पौधों के रोपण से हुआ। इसके बाद स्थानीय दशहरा मैदान से सुबह 10 बजे कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई, जो बस स्टैंड होते हुए गायत्री मंदिर पहुंची। यहां आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि हमारे पूर्वजों द्वारा स्थापित धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

समाजसेवी दीपक शर्मा ने बताया कि श्रद्धा कावड़ यात्रा पिछले 18 वर्षों से निरंतर निकाली जा रही है। यह यात्रा 25 से अधिक गांवों को जोड़ते हुए सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं पंच परिवर्तन के संदेश का प्रसार करती है।
धर्मसभा के पश्चात यात्रा श्री मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां अजय यादव ने अपनी धर्मपत्नी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का लघु रुद्राभिषेक किया। महाआरती एवं पूजन के उपरांत सपत्नीक कावड़ पूजन कर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
यात्रा के दौरान भगवान शिव के भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्तिभाव से झूमते रहे। भगवान भोलेनाथ के भव्य शिवलिंग एवं माता पार्वती की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। नगर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह मंच लगाकर पुष्पवर्षा से कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए स्वल्पाहार, शीतल पेय एवं जलपान की भी व्यापक व्यवस्था की गई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्याम बरडे, विधानसभा नेता अंतरसिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, विकास आर्य, भाजपा जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह, सचिन चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं जिले भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन