Rajendra Devray / Mon, Aug 17, 2026 / Post views : 308
34 छात्राएं आधीरात में खिड़कियों से निकलकर 16 किमी पैदल कुक्षीआईः
घटिया खाने, वार्डन के दुर्व्यवहार की शिकायत; नए भवन की मांग
धार की कुक्षी तहसील के निसरपुर स्थित आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की 34 छात्राएं आधी रात को हॉस्टल से निकलकर 10 किलोमीटर दूर रात एक बजे कुक्षी पहुंच गई। हॉस्टल वार्डन बबिता चौहान को एक घंटे तक पूरे घटनाक्रम की भनक तक नहीं लगी। उन्होंने रात करीब एक बजे पुलिस चौकी निसरपुर को छात्राओं के गायब होने की सूचना दी। ये छात्राएं कक्षा 9वीं से 11वीं तक की हैं।

जानकारी के अनुसार छात्राएं रात करीब 12 बजे अपने कमरों की खिड़कियों से निकली। इसके बाद सभी पीछे के रास्ते से हॉस्टल से बाहर आ गई। रास्ते में पैदल जा रही छात्राओं को कुक्षी से 2 किमी दूर जयस प्रदेश अध्यक्ष रविराज बघेल ने देखा। कुक्षी थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान को भी इसकी सूचना मिली। पुलिस के वाहन और अन्य पिकअप वाहनों से छात्राओं को सुरक्षित पुलिस थाने पहुंचाया गया ।

पुलिसवालों को छात्राओं ने बताई परेशानी
एसडीओपी, थाना प्रभारी और तहसीलदार के समक्ष छात्राओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
उन्होंने बताया कि उन्हें घटिया खाना और नाश्ता दिया जाता है। छात्राओं ने वार्डन बबिता चौहान पर भेदभाव और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। छात्राओं ने कन्या शिक्षा परिसर को वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित करने, वार्डन बबिता चौहान को हटाने और नई वार्डन मोनिका चौहान को प्रभार देने की मांग की है।
50 की क्षमता, 139 छात्राएं रह रहीं
जानकारी के अनुसार, निसरपुर में 50 सीटर उत्कृष्ट छात्रावास के भवन में ही कन्या शिक्षा परिसर की 89 छात्राओं को रखा जा रहा है। इस प्रकार, एक ही हॉस्टलभवन में कक्षा 6 से 12 तक की कुल 139 छात्राएं रह रही हैं, जिससे अत्यधिक भीड़भाड़ और असुविधाएं होती हैं। बताया गया कि एक बड़े कमरे में नौ छात्राएं रहती हैं।
दूसरे भवन में किया जाएगा शिफ्ट
बीईओ हीरालाल निंग्वाल का कहना है कि सहायक आयुक्त से अनुमति लेकर कन्या शिक्षा परिसर को पुराने हॉस्टल भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। नई वार्डन मोनिका चौहान ने कार्यभार संभाल लिया है और वैकल्पिकस्थान पर शिफ्ट होने के बाद छात्राएं नई वार्डन के साथ रहेंगी। आज कुक्षी एसडीएम विशाल धाकड़ और अन्य अधिकारी निसरपुर हॉस्टल पहुंचकर छात्राओं से रूबरू बातचीत करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन