Rajendra Devray / Sat, Aug 8, 2026 / Post views : 271
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बड़वानी दौरे की तैयारियों को लेकर प्रशासन-पुलिस अलर्ट, डीआईजी व एसपी ने किया सघन निरीक्षण
बड़वानी, 08 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 14 अगस्त को प्रस्तावित बड़वानी जिले के ग्राम तलुन, बोरलाय एवं बड़वानी दौरे को लेकर प्रशासन एवं पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीआईजी निमाड़ रेंज खरगोन सुश्री सिमाला प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कार्यक्रम स्थलों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान हेलिपैड, कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा घेरा तथा प्रवेश-निकास मार्गों का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधा पर विशेष जोर
डीआईजी सुश्री सिमाला प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, नागरिक सुविधा तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाएं।

कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रवेश-निकास, पार्किंग और यातायात डायवर्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आकस्मिक परिस्थितियों के लिए भी रहेगी तैयारी
डीआईजी ने संभावित आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए कंटिजेंसी प्लान एवं वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को त्रुटिरहित एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी प्वाइंटवार जिम्मेदारियां तय करने और सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
थाना कोतवाली बड़वानी का भी निरीक्षण
इसी दौरान डीआईजी सुश्री सिमाला प्रसाद ने थाना कोतवाली बड़वानी का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, डीएसपी/रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, श्रीमती उषा सिसोदिया, यातायात प्रभारी श्रीमती रजनी भार्गव, थाना प्रभारी बड़वानी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन