Rajendra Devray / Tue, Sep 29, 2026 / Post views : 247
कपास के भाव में भारी गिरावट से अंजड़ मंडी में हंगामा
624 वाहनों की बंपर आवक, अचानक ₹1000–₹1400 गिरावट से भड़के किसान, हाईवे जाम
अंजड़ (जिला बड़वानी, मध्य प्रदेश)।
आज कृषि उपज मंडी अंजड़ में कपास की बंपर आवक दर्ज की गई, जिसमें कुल 624 वाहन मंडी में पहुंचे। सुबह से ही किसानों को कपास के अच्छे भाव मिल रहे थे और बोली ₹8000 से ₹8400 प्रति क्विंटल तक पहुंच रही थी, जिससे किसानों में संतोष का माहौल था।
इसी दौरान कलेक्टर बड़वानी श्रीमती ज्योति सिंह द्वारा कस्तूरी कपास को लेकर जनसंवाद शिविर का आयोजन किया जा रहा था। जब तक कलेक्टर मंडी परिसर में मौजूद रहीं, तब तक व्यापारियों द्वारा किसानों को उचित एवं अच्छे भाव दिए जाते रहे।

लेकिन जैसे ही जनसंवाद शिविर समाप्त हुआ और भोजन अवकाश के बाद दोबारा बोली प्रारंभ हुई, कपास के भाव में अचानक ₹1000 से ₹1200 तक की गिरावट देखने को मिली। इस अचानक गिरावट से किसानों में भारी नाराजगी फैल गई।

किसानों का आरोप है कि व्यापारियों द्वारा एकाएक भाव में इतनी बड़ी कटौती करना उनकी समझ से परे है। जो कपास कल तक ₹8400 प्रति क्विंटल बिक रहा था, वही आज ₹7400 से नीचे बिकने लगा, जिसे किसान भारी नुकसान मान रहे हैं।

इसी असंतोष के चलते किसानों ने कुछ समय के लिए खंडवा-बड़ौदा स्टेट हाईवे क्रमांक 26 पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाला गया। तहसीलदार के निर्देश एवं समझाइश के बाद किसानों ने आम जनता की परेशानी को ध्यान में रखते हुए जाम हटाया और अपने वाहन वापस ले लिए।

हालांकि, किसानों में असंतोष अब भी बना हुआ है। किसानों का कहना है कि व्यापारियों द्वारा भाव में ₹1000 से ₹1400 तक की अचानक गिरावट अनुचित है और इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रायपुर द्वारा मंडी सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि मंडी व्यवस्था को कल से सुचारू रूप से संचालित किया जाए। साथ ही व्यापारियों की बैठक लेकर किसानों को उचित भाव दिलाने की बात भी कही गई है।
मंडी में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और किसानों में जबरदस्त जनाक्रोश देखा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन