Rajendra Devray / Sat, Aug 8, 2026 / Post views : 229
महानिदेशक जेल डॉ. वरुण कपूर ने किया केंद्रीय जेल बड़वानी का निरीक्षण
‘जेलवाणी’ का किया शुभारंभ, नवश्रंगारित विद्यालय व पुस्तकालय का लिया जायजा; बंदियों से संवाद कर शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
बड़वानी, 08 अगस्त 2026। महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर, भा.पु.से. ने 07 अगस्त को केंद्रीय जेल बड़वानी का निरीक्षण किया। जेल पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल, जेल अधीक्षक सुश्री शेफाली तिवारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने उनका आत्मीय स्वागत किया। महानिदेशक को सशस्त्र सलामी भी दी गई।

पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता परखी
निरीक्षण की शुरुआत पाकशाला से हुई। महानिदेशक ने जेल में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं दुरुस्त पाई गईं।

‘जेलवाणी’ का हुआ विधिवत शुभारंभ
केंद्रीय जेल बड़वानी में लंबे समय से प्रतीक्षित ‘जेलवाणी’ का महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने विधिवत शुभारंभ किया। जेलवाणी बंदियों को प्रेरित करने, सकारात्मक विचारों से जोड़ने तथा संगीत एवं रेडियो पॉडकास्ट के माध्यम से उन्हें परिवार और समाज से भावनात्मक रूप से जोड़े रखने की अभिनव पहल है।

महानिदेशक ने स्वयं जेलवाणी का संचालन कर उसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर केंद्रीय जेल बड़वानी में पदस्थ प्रहरी श्री सचिन तिवारी द्वारा निर्मित जेलवाणी थीम सॉन्ग का विमोचन भी किया गया। जेलवाणी के संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों की भी महानिदेशक ने प्रशंसा की।
विद्यालय और पुस्तकालय का शुभारंभ
महानिदेशक ने केंद्रीय जेल बड़वानी में नवश्रंगारित विद्यालय एवं पुस्तकालय का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक एवं साक्षरता संबंधी स्थिति की जानकारी ली। कुछ बंदियों से शब्द लिखवाकर एवं पढ़वाकर उनके साक्षरता स्तर का परीक्षण भी किया गया।
उन्होंने बंदियों को शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित करते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
जेल उद्योगों का भी किया निरीक्षण
डॉ. कपूर ने केंद्रीय जेल में संचालित विभिन्न जेल उद्योगों एवं उद्योग शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योगों की कार्यप्रणाली, बंदियों की सहभागिता तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने महिला वार्ड का भ्रमण किया और महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान महिला बंदियों के बच्चों को महानिदेशक द्वारा उपहार भी प्रदान किए गए।
त्वरित CPR से बंदी की जान बचाने पर अधिकारी सम्मानित
निरीक्षण के दौरान सहायक जेल अधीक्षक श्री विनय काबरा को सीपीआर दिए जाने के त्वरित एवं कुशल निर्देशन के माध्यम से बंदी की जीवन रक्षा करने के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
सुधारात्मक एवं पुनर्वास कार्यों की सराहना
महानिदेशक ने केंद्रीय जेल बड़वानी की समस्त व्यवस्थाओं एवं विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण उपरांत उन्होंने जेल में संचालित गतिविधियों और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक एवं पुनर्वास संबंधी प्रयासों की सराहना की।
बंदियों द्वारा प्रस्तुत मौखिक आवेदनों को भी गंभीरता से लेते हुए महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, आवश्यक प्रकरणों में आवेदनों को विचारार्थ जेल मुख्यालय अग्रेषित करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारी एवं जेल स्टाफ रहा मौजूद
महानिदेशक के भ्रमण के दौरान जेल अधीक्षक सुश्री शेफाली तिवारी, जेल उप अधीक्षक श्री महेश प्रसाद टिकारिया, जेल उप अधीक्षक श्रीमती कुसुमलता डावर, मेडिकल ऑफिसर डॉ. कल्याणसिंह बेनल, सहायक जेल अधीक्षक श्री विनय काबरा, सहायक जेल अधीक्षक सब जेल सेंधवा श्री महेन्द्रसिंह रघुवंशी सहित अन्य जेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन