Rajendra Devray / Wed, Sep 2, 2026 / Post views : 172
बड़वानी पुलिस की अभिनव पहल ‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ का शुभारंभ
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने निवाली के एकलव्य विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच बैठकर किया ‘मन से मन का संवाद’, सवालों के जवाब देने वाले छात्र-छात्राएं हुए पुरस्कृत

बड़वानी, 2 सितंबर 2026। बड़वानी पुलिस द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक अभिनव पहल ‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, निवाली में किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के बीच सहज और आत्मीय माहौल में बैठकर उनसे सीधे संवाद किया।

एसपी श्री शुक्ल ने छात्र-छात्राओं से उनके सपनों, जिज्ञासाओं, रुचियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की। विद्यार्थियों ने भी बिना झिझक पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। एसपी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल, सहज एवं प्रेरणादायी तरीके से जवाब देते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

अनुशासन, सकारात्मक सोच और मेहनत का दिया संदेश
बाल संवाद के दौरान विद्यार्थियों को अच्छी संगति, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत का महत्व समझाया गया। एसपी ने बच्चों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए ईमानदारी एवं लगन से प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बेहद आवश्यक है। यही बच्चे आगे चलकर समाज और देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास मजबूत करना उद्देश्य
‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनके मन की बात जानना, उन्हें सही दिशा एवं मार्गदर्शन देना, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा पुलिस एवं युवाओं के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता कायम करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि बड़वानी पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संवाद स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बच्चों के साथ किया गया यह संवाद उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन देने की एक सकारात्मक पहल है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी राजपुर श्री बी.एल. आटोदे, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, रक्षित निरीक्षक सुश्री उषा सिसोदिया, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सुनीता मुजाल्दा, थाना प्रभारी निवाली श्री वीरबहादुर सिंह चौहान, संस्था की प्राचार्य रेनू, विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन