Rajendra Devray / Mon, Aug 10, 2026 / Post views : 162
भाजपा ग्रामीण धार जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार का जन्मदिन धूमधाम से मनाया, कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
मनावर। भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण धार जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार का जन्मदिन पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उत्साह और उमंग के साथ धूमधाम से मनाया। जन्मदिन के अवसर पर श्री पाटीदार ने दिन की शुरुआत धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करके की।
सर्वप्रथम वे अवधूत धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन एवं पूजन कर परम पूज्य गुरुजी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद दाहोद स्थित कष्टभंजन देव मंदिर पहुंचकर भगवान श्री कष्टभंजन देव के दर्शन-पूजन किए तथा संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात धरमपुरी के खतड़गांव स्थित प्राचीन टाटाम्बरी आश्रम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान जिलाध्यक्ष पाटीदार ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की।

जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी फोन के माध्यम से चंचल पाटीदार से आत्मीय संवाद कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पाटीदार ने श्री बिल्वामृतेश्वर महादेव मंदिर से निकलने वाली श्री जागीरदार कावड़ यात्रा, प्रशांत शर्मा एवं विधानसभा के लोकप्रिय प्रत्याशी शिवराम गोपाल कन्नौज द्वारा आयोजित समरसता संकल्प कावड़ यात्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जा रही कावड़ यात्राओं में सहभागिता की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होकर पूजा-अर्चना की।
जन्मदिन के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा ग्रामीण धार जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौड़ सिंघाना ने बताया कि इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने चंचल पाटीदार का पुष्पमालाओं से स्वागत कर जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी चंचल पाटीदार को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे दिन कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन