Rajendra Devray / Tue, Aug 4, 2026 / Post views : 199
दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा का बड़ा एक्शन, जिला अध्यक्ष समेत पूरी जिला कार्यकारिणी भंग
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए जिला भाजपा दतिया की पूरी संगठनात्मक इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत जिला अध्यक्ष सहित सभी जिला पदाधिकारियों, कार्यसमिति, मंडलों, मोर्चों, प्रकोष्ठों, प्रकल्पों एवं विभागों के पदाधिकारियों को पदमुक्त कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा जिला भाजपा अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा को जारी पत्र में बताया गया है कि यह निर्णय प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार लिया गया है। पत्र के अनुसार, दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम की समीक्षा के लिए गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर जिला भाजपा दतिया की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग किया गया है।
इस निर्णय के बाद जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों सहित जिले की सभी संगठनात्मक इकाइयों को पदमुक्त कर दिया गया है। माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही दतिया जिले में नए सिरे से संगठन का गठन करेगी।
मुख्य बिंदु:
दतिया उपचुनाव के बाद भाजपा का बड़ा संगठनात्मक निर्णय।
जिला अध्यक्ष सहित पूरी जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश और समीक्षा समिति की अनुशंसा पर हुई कार्रवाई।
जल्द नए संगठन के गठन की संभावना।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन