Rajendra Devray / Thu, Aug 27, 2026 / Post views : 303
बड़वानी में 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, 14 जोड़ों का हुआ सामूहिक निकाह
मोहब्बत, भाईचारा, इंसानियत, शांति और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश — तिरंगा लेकर शामिल हुए समाजजन, एसपी व विधायक सहित गणमान्य नागरिकों ने की शिरकत


बड़वानी, 27 अगस्त 2026। बड़वानी में 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सुन्नत मुस्लिम जमाअत एवं दारुल कज़ात बड़वानी के तत्वावधान में बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी एवं इज्तेमाई शादी समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन तिरंगा हाथों में लेकर जुलूस में शामिल हुए और पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं के अनुरूप मोहब्बत, भाईचारे, इंसानियत, शांति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

जुलूस बुधवार सुबह 8 बजे पाला बाजार से प्रारंभ हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस निर्धारित स्थल पर पहुंचा। नगर के सर्वधर्म प्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। जुलूस में समाज के युवाओं, बुजुर्गों और विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
14 जोड़ों का हुआ निकाह, लंगर-ए-आम का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान इज्तेमाई शादी के अंतर्गत 14 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। निकाह के बाद लंगर-ए-आम का आयोजन किया गया तथा नवविवाहित दूल्हा-दुल्हनों को उपहार भेंट कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। सामूहिक विवाह के माध्यम से समाज में सादगी और सामाजिक सहयोग का संदेश भी दिया गया।
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने दी नेक हिदायत
कार्यक्रम में एसपी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने शिरकत की। उन्होंने समाज को दारू, डीजे और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की नेक हिदायत दी। साथ ही जश्ने ईद मिलादुन्नबी की सभी को मुबारकबाद देते हुए समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक राजन मंडलोई एवं इस्माइल लहरी भी उपस्थित रहे। वहीं जामा मस्जिद के इमाम अब्दुल जब्बार नूरी साहब ने बाइट के माध्यम से अपनी बात रखते हुए मिलादुन्नबी के संदेश और समाज की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
गणमान्य नागरिकों और समाजजनों की रही सहभागिता
इस अवसर पर समाजसेवी सादिक चंदेरी, शहर सदर एडवोकेट कय्यूम कुरैशी, जलसा सदर सादिक मसूरी काटन, इज्तेमाई शादी कमेटी सदर इसरार कुरैशी (बंटी), डॉ. अब्दुल रशीद पटेल, जिला सदर इदरीस खान सहित राकेश जाधव, बाबू धनगर, हेमंत कुमरावत, पूर्व जज हमीद पटेल शेख, जिला पेंशनर अध्यक्ष विजय कुमार जैन, प्रो. राम नरेश शुक्ल, रजाक तिगाले, आरिफ शेख इकरा, माजिद शेख, आदिल तिगाले, हाजी रफीक शेख, सगीर अहमद शेख एवं असद खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शहर की विभिन्न जिम्मेदार कमेटियों एवं सहयोगियों ने तन-मन-धन से सहयोग किया। जुलूस के दौरान नगर में सामाजिक सौहार्द और सर्वधर्म समभाव की तस्वीर देखने को मिली।
कय्यूम कुरैशी ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर शहर सदर एडवोकेट कय्यूम कुरैशी ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों, शासन-प्रशासन, नगरपालिका, टेंट व्यवस्था से जुड़े सहयोगियों तथा कार्यक्रम में शामिल सभी युवा, बुजुर्ग एवं इमाम हजरात का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन