Rajendra Devray / Thu, Oct 1, 2026 / Post views : 105
बड़वानी में गांधी जयंती से होगा ‘नशा मुक्ति महाअभियान’ का शंखनाद; 2 से 8 अक्टूबर तक गांव-गांव चलेगा जागरूकता का दौर
अखिल विश्व गायत्री परिवार और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल; 9 तहसीलों में रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और प्रतियोगिताओं के जरिए दिलाई जाएगी मद्य निषेध की शपथ

बड़वानी :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं मद्य निषेध दिवस सप्ताह के पावन अवसर पर बड़वानी जिले में "व्यसन मुक्ति अभियान - नशा मुक्त भारत" महाअभियान का भव्य आगाज होने जा रहा है। 2 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 8 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले इस सात दिवसीय अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक गांव, मजरे और फलियों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।
जिले की सभी 9 तहसीलों में सघन गतिविधियां

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के युवा प्रकोष्ठ जिला समन्वयक लखन विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान को लेकर व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है। जिले की समस्त 9 तहसीलों—बड़वानी, सेंधवा, राजपुर, पानसेमल, निवाली, ठीकरी, पाटी, अंजड़ एवं वरला में विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्री विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूली एवं कॉलेज स्तर पर विद्यार्थियों के मध्य पोस्टर, स्लोगन, भाषण, कविता पाठ, गीत-संगीत और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटकों, जन-जागरण रैलियों और चित्र प्रदर्शनियों के माध्यम से नशे के सामाजिक व शारीरिक दुष्प्रभावों को उजागर किया जाएगा।
चौपालों पर संवाद और घर-घर संकल्प
अभियान के तहत गायत्री परिवार के परिजन गांवों की चौपालों, गली-मोहल्लों और शिक्षण संस्थानों में संवाद स्थापित करेंगे। साथ ही घर-घर जाकर पोस्टर, पम्पलेट और संकल्प पत्र वितरित कर नागरिकों व युवाओं को जीवनपर्यंत नशा न करने का संकल्प दिलाया जाएगा। उन्होंने गांधी जी के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि नशा केवल शरीर ही नहीं, बल्कि आत्मा और परिवार की आर्थिक स्थिति को भी नष्ट कर देता है।
प्रशासन दिलाएगा शपथ, काउंसलिंग व पुनर्वास की रहेगी सुविधा
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रभारी विशाल बडोले ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश शासन तथा जिला प्रशासन बड़वानी के संयुक्त तत्वावधान में मद्य निषेध सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित सभी तहसील मुख्यालयों पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को मद्य निषेध की शपथ दिलाई जाएगी। विभाग के द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों के उपचार, उचित काउंसलिंग और पुनर्वास की विशेष व्यवस्था की गई है। नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति सीधे विभाग से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही अभियान को प्रभावी बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा विभाग, जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों और पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग लिया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन