Rajendra Devray / Sat, Sep 12, 2026 / Post views : 225
सराफा बाजार में गटर चोक होने से दुकान बनी गंदे पानी का तालाब
चेंबर से ओवरफ्लो होकर दुकान में घुसा पानी, फर्नीचर व सामान खराब — कुछ दिन पहले खुदाई के बावजूद समस्या बरकरार, नगर परिषद की ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल
अंजड़। शहर के प्रमुख सराफा बाजार में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गटर चोक होने के कारण चेंबर का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर एक सराफा दुकान के अंदर जा घुसा। सुबह करीब 7 बजे दुकान खोलने पहुंचे सराफा व्यवसायी कमल पाटीदार ने जब पूरी दुकान में गंदा पानी भरा देखा तो उनके होश उड़ गए। पानी भरने से दुकान का फर्नीचर और अन्य सामान खराब होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि ड्रेनेज लाइन से जुड़े चेंबर में गटर चोक होने के कारण पानी की निकासी बंद हो गई। निकासी नहीं होने पर गंदा पानी चेंबर से बाहर निकलने के बजाय सीधे दुकान की ओर बह गया। देखते ही देखते दुकान का फर्श गंदे पानी से भर गया, जिससे व्यापारी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कुछ दिन पहले भी इसी चेंबर के चोक होने की समस्या सामने आ चुकी थी और इसके लिए खुदाई तक की गई थी, तो आखिर समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ? व्यापारी कमल पाटीदार का कहना है कि खुदाई के बाद काम व्यवस्थित तरीके से नहीं होने के कारण ड्रेनेज लाइन से जुड़ा चेंबर दोबारा चोक हो गया और इस बार गंदा पानी दुकान के अंदर पहुंच गया।

घटना की जानकारी नगर परिषद कर्मचारियों एवं संबंधित वार्ड पार्षद को दी गई है। सराफा बाजार जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में इस तरह गटर का पानी दुकानों में घुसना नगर की ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

व्यापारियों को कब मिलेगी स्थायी राहत?
व्यापारी ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि केवल पानी निकालकर या चेंबर खोलकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय पूरी ड्रेनेज लाइन और चेंबर की तकनीकी जांच कराई जाए। जहां लाइन में तकनीकी खामी या निर्माण संबंधी समस्या है, उसे दुरुस्त किया जाए और भविष्य में गंदा पानी दुकानों में प्रवेश न करे, इसके लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।

अब सवाल नगर परिषद प्रशासन से है—बार-बार चोक हो रही ड्रेनेज व्यवस्था का स्थायी समाधान कब होगा? क्या किसी बड़े नुकसान या जनआक्रोश का इंतजार किया जा रहा है? प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ही व्यापारियों को राहत मिल सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन