Rajendra Devray / Thu, Aug 6, 2026 / Post views : 157
7 अगस्त से बड़वानी जिले में शुरू होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
प्रथम चरण में बोरलाय और बालकुआ क्लस्टर की 20 ग्राम पंचायतों में लगेंगे जन विश्वास शिविर
बड़वानी, 6 अगस्त। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार बड़वानी जिले में 7 अगस्त 2026 से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में अभियान के प्रथम चरण में बोरलाय एवं बालकुआ क्लस्टर की 20 ग्राम पंचायतों में जन विश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न लोक सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना है।
इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
बोरलाय क्लस्टर: बगुद, बजट्टा खुर्द, भीलखेड़ा, बोरलाय, धनौरा, कसरावद, पिंपरी, पिपलाज, तलून खुर्द एवं तलवाड़ा बुजुर्ग।
बालकुआ क्लस्टर: बड़गांव, बालकुआ, भंडारदा, धमनई, लोनसरा खुर्द, पंचपुला दक्षिण, पंचपुला उत्तर, रेहगुन, सजवानी एवं सजवानी खाम।
शिविरों में मिलेंगी ये प्रमुख सेवाएं
समस्याओं का त्वरित समाधान: सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण।
राजस्व संबंधी सेवाएं: अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारे के लंबित मामलों का निस्तारण।
डिजिटल एवं पहचान सेवाएं: फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी तथा आधार कार्ड अपडेट की सुविधा।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ: प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निष्पादन।
स्वरोजगार एवं बैंकिंग सेवाएं: युवाओं के लिए विशेष सहायता काउंटर, पशुपालन विभाग की मैत्री योजना, पीएमएफएमई योजना के आवेदन तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की बैंकिंग सेवाएं।
अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो सुबह 10 बजे से अपनी टीम के साथ शिविर में उपस्थित रहेंगे। शिविरों के उपरांत किए गए कार्यों की समीक्षा दोपहर 3 बजे ग्राम पंचायत तलून खुर्द में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन