Rajendra Devray / Fri, Aug 14, 2026 / Post views : 275
सीएम डॉ. मोहन यादव ने तुलन में की पूजा-अर्चना, कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद, फूड प्रोसेसिंग उद्योग लगाने का किया वादा
बड़वानी:- प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को बड़वानी जिले के दौरे पर पहुंचे। दोपहर करीब 2 बजे वे ग्राम तुलन पहुंचे, जहां उन्होंने श्री खाटूश्याम मंदिर में श्याम बाबा का पूजन-अर्चन कर दर्शन लाभ लिए और संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार के अनुसार इस संवाद में भाजपा के जिला व प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और आपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला अध्यक्ष अजय यादव ने सभी कार्यकर्ताओं का परिचय मुख्यमंत्री से कराया।

कार्यकर्ताओं की बात सुनी, समस्याएं लिखित में लीं

संवाद के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह दरबार ने जिले की जमीनी स्थिति से अवगत कराते हुए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इसके अलावा उपस्थित अनेक नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लिखित आवेदन भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण का आश्वासन दिया।

"जमीनी हकीकत जानने आया हूं"
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे इस बार बड़े सार्वजनिक आयोजन के बजाय सीधे कार्यकर्ताओं से मिलने आए हैं ताकि योजनाओं की जमीनी हकीकत समझी जा सके।
उन्होंने कहा, "हमारी योजनाओं का लाभ अगर किसी हितग्राही को लेने में दिक्कत आ रही है तो हम उस पर काम करेंगे। योजनाओं को सरल तरीके से कैसे लागू किया जाए, इस पर विचार-मंथन करेंगे।" मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरे में वे एक से दो सेवा केंद्र भी देखेंगे और विकास समिति के साथ बैठक कर अमृतकाल के अगले वर्षों की कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे। साथ ही आम जनता के सुझाव भी लिए जाएंगे।
पिछली कैबिनेट बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नंगलवाड़ी धाम में मैदान में जाकर कैबिनेट की बैठक की थी और आमजन की समस्याएं मौके पर हल की थीं। उन्होंने कहा, "अभी कोई चुनाव नहीं है, चुनाव में करीब ढाई साल का समय है। लेकिन हमारा प्रयास है कि सभी प्रकार के लोगों से संवाद होना चाहिए।"
किसानों से फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज का वादा:-
बड़वानी जिले की खेती-किसानी की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि यहां के किसान उन्नत हैं और विभिन्न प्रकार की फसलें व उत्पाद लेते हैं। किसान कल्याण वर्ष को देखते हुए उन्होंने वादा किया कि किसानों को फलों के अच्छे दाम मिलें, इसके लिए आने वाले दिनों में बड़वानी में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज लगवाई जाएंगी।
गरीब कल्याण और भाजपा की विचारधारा
गरीब कल्याण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य का मतलब है सभी सम्पन्न हों और सभी को समान रूप से सुविधाएं मिलें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें जरूरतमंदों को निशुल्क अन्न, आयुष्मान योजना में 5 लाख तक का फ्री इलाज, उज्ज्वला गैस, पक्के मकान सहित अनेक योजनाओं का लाभ दे रही हैं।
विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "अन्य पार्टियों में बड़े आदमी का बेटा ही बड़ा आदमी बनता है, लेकिन भाजपा में एक चाय वाला देश का पीएम और एक गाय वाला सीएम बन जाता है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारी पार्टी एक परिवार है और इस परिवार का काम गांव, गली, मोहल्ले और तहसील की कठिनाइयों का समाधान करना है।
सम्मान और उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अजय यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अंगवस्त्र से स्वागत कर स्मृति स्वरूप राम दरबार की मूर्ति भेंट की।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला संभाग प्रभारी बाबूलाल यादव, प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्याम बरड़े, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, महामंत्री भागीरथ कुशवाह और सचिन चौहान मंच पर उपस्थित रहे।
जिले भर से आए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे और क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन