Rajendra Devray / Tue, Aug 11, 2026 / Post views : 221
कावड़ यात्रियों की सेवा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
जिला जनपद सदस्य गणेश जर्मन ने मिर्ची मंडी पर कराया स्वल्पाहार, कावड़ियों का किया आत्मीय स्वागत
मनावर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के भक्त एवं जिला जनपद सदस्य गणेश जर्मन द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी कावड़ यात्रियों की सेवा के लिए विशेष स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
मां नर्मदा के सेमल्दा तट से पवित्र जल लेकर विभिन्न कावड़ यात्राओं पर निकले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सेमल्दा रोड स्थित मिर्ची मंडी पर सेवा शिविर लगाया गया। यहां पहुंचने वाले कावड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें साबूदाने की खिचड़ी सहित स्वल्पाहार कराया गया।
गणेश जर्मन एवं उनकी पूरी टीम ने कावड़ यात्रियों का हाथ जोड़कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं से स्वल्पाहार ग्रहण करने का आग्रह किया। सेवा शिविर में धार्मिक आस्था के साथ श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और समर्पण का भाव देखने को मिला।
कावड़ियों की सेवा को बताया भगवान भोलेनाथ की सेवा
इस अवसर पर सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का पवित्र महीना है। मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए निकलने वाले कावड़ यात्रियों की सेवा करना स्वयं भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है।
सेवा शिविर के दौरान बड़ी संख्या में कावड़ यात्री मिर्ची मंडी पहुंचे और स्वल्पाहार ग्रहण कर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाया। श्रद्धालुओं ने सेवा व्यवस्था के लिए गणेश जर्मन एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
गणेश जर्मन द्वारा प्रतिवर्ष की जाने वाली इस सेवा गतिविधि से श्रावण मास में धार्मिक आस्था के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश भी देखने को मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन