Rajendra Devray / Wed, Aug 26, 2026 / Post views : 326
गजेंद्र पटेल के प्रथम जिला आगमन पर भव्य स्वागत
ठीकरी से अंजड़ तक उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से हुआ अभिनंदन
बड़वानी। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद बुधवार को प्रथम जिला आगमन पर बड़वानी जिले में उनका भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। ठीकरी से लेकर अंजड़ तक भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग दिखाई दी।

भाजपा मीडिया प्रभारी पं. विमल शर्मा ने बताया कि जिले के प्रवेश द्वार ठीकरी पहुंचने पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने गजेंद्र सिंह पटेल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

चौपाटी पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का पूजन-अर्चन करने के बाद ढोल-ताशों के साथ स्वागत यात्रा निकाली गई। मार्ग में बनाए गए विभिन्न स्वागत मंचों पर आतिशबाजी, पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया। कई स्थानों पर जेसीबी और तोप से भी पुष्पवर्षा की गई। कुआं, दवाना, तलवाड़ा, मंडवाड़ा सहित अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया। टोल नाके के समीप सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी उनका भव्य स्वागत किया।

अंजड़ में हुआ जोरदार अभिनंदन
शाम करीब 6 बजे गजेंद्र सिंह पटेल का काफिला अंजड़ पहुंचा। गायत्री मंदिर चौराहे से लेकर नगर के विभिन्न स्थानों तक भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने आतिशबाजी और पुष्पमालाओं के साथ उनका स्वागत किया।
गजेंद्र सिंह पटेल ने टंट्या मामा भील एवं पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीकृष्ण चौक पर जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मंच से भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
राजपुर रोड पर गजेंद्र सिंह पटेल का केले से तुलादान किया गया। इसके बाद नगर परिषद में अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती सहित पार्षदों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद अपने लोकसभा क्षेत्र में पहली बार पहुंचे गजेंद्र सिंह पटेल के स्वागत को लेकर पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उमड़ी भीड़ और स्वागत कार्यक्रमों ने उनके जिला आगमन को भव्य बना दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन