Rajendra Devray / Mon, Sep 28, 2026 / Post views : 150
ग्राम रतवा में नवीन चौधरी की मौत पर ग्रामीणों में आक्रोश, पूर्ण शराबबंदी और न्यायिक जांच की मांग को लेकर चक्काजाम
बगड़ी/ग्राम रतवा। गत दिनों ग्राम रतवा में नवीन चौधरी उर्फ शक्तिमान की मृत्यु हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि नवीन की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है, जबकि प्रशासन ने पीएम रिपोर्ट के हवाले से लीवर, किडनी खराब होने और अल्सर फटने को मौत का कारण बताया है।
इसी के विरोध में रविवार को दोपहर 11 बजे रतवा सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण घाटाबिल्लोद-बगड़ी मुख्य मार्ग पर ग्राम पातलिया के मुख्य चौराहे पर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित ग्रामीण पूर्ण शराबबंदी और नवीन चौधरी की मौत की न्यायिक जांच की मांग पर अड़े रहे।
धरना स्थल पर ग्रामीण हाथों में तिरंगा लिए शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी करते रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने 2 मिनट का मौन रखकर नवीन चौधरी को श्रद्धांजलि दी और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। मौके पर सागौर, डिगथान सहित अन्य थानों का अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा।
उल्लेखनीय है कि इस दुखद घटना के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी भी ग्राम रतवा पहुंचे थे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की थी। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए जहरीली शराब से मौत की जांच की मांग की थी।
सीएसपी को सौंपा ज्ञापन
काफी देर चले घटनाक्रम के बाद मौके पर पीथमपुर से पहुंचे सीएसपी को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। सीएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि शराबबंदी को लेकर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
ज्ञापन में मुख्य मांगें -
1. इस दुखद मृत्यु की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. जहरीली शराब बेचने वाले दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
3. पीड़ित परिवार को शासन नियमानुसार आर्थिक सहायता/मुआवजा दिया जाए।
4. सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों की तरह हमारा क्षेत्र इसका शिकार न बने, इसलिए गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए।
रिपोर्ट - कांतिलाल शर्मा
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन