Rajendra Devray / Sun, Aug 30, 2026 / Post views : 278
जनविश्वास अभियान में नालछा को मिली सौगातें, युवाओं को रोजगार का भरोसा
जिला स्तरीय शिविर में 236 आवेदन प्राप्त, 80 मामलों में दी गई जानकारी; 12 युवाओं को मिले जॉब ऑफर लेटर
धार, 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं सीएम राइज स्कूल, नालछा में जिला स्तरीय शिविर, उद्यम संवाद एवं युवा संगम मेले का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेढ़ा, धरमपुरी विधायक श्री कालू सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने उपस्थित नागरिकों को रक्षाबंधन एवं आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिविर में दूर-दराज से आए ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और सहज रूप से उपलब्ध कराया जाए।

भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना से मिला 20 लाख का ऋण
कार्यक्रम में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत हितग्राही श्री अक्षवंश गावड़ को 20 लाख रुपए का ऋण स्वीकृति चेक अतिथियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदान किया गया। इससे क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहन मिला।
एक ही छत के नीचे 236 आवेदन, 80 लोगों को मिली जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।
राजस्व विभाग में सर्वाधिक 95 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 80 फार्मर आईडी और 15 नामांतरण के प्रकरण शामिल रहे। 19 नागरिकों को विभागीय जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग में 80 लोग लाभान्वित हुए, जिनमें 32 आयुष्मान भारत, एक दिव्यांग प्रमाण पत्र और 47 दवा वितरण के प्रकरण रहे। 12 लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 46 आवेदन प्राप्त हुए तथा 17 लोगों को आवश्यक जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग में 8 आवेदन प्राप्त हुए और 9 नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग में 7 आवेदन प्राप्त हुए तथा 23 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस प्रकार शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 236 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 80 मामलों में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र और उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण
अभियान के दौरान कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने नालछा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति देखी। वहीं उचित मूल्य दुकान पर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और स्टॉक का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
उद्यम संवाद में युवाओं और उद्यमियों से सीधा संवाद
उद्यम संवाद के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय युवाओं एवं उभरते उद्यमियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वरोजगार के लिए आगे आए हितग्राहियों को मौके पर ही बैंक ऋण एवं स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
युवा संगम में 12 को मिले जॉब ऑफर लेटर, 37 की करियर काउंसलिंग
सीएम राइज स्कूल नालछा में आयोजित युवा संगम एवं रोजगार मेले में 38 युवाओं ने पंजीयन कराया। इनमें युवा शक्ति फाउंडेशन, पीथमपुर द्वारा 10 आवेदकों तथा एलआईसी द्वारा 2 आवेदकों को कुल 12 जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
इसके अलावा चयनित विषय विशेषज्ञों एवं काउंसलरों द्वारा 37 बालक-बालिकाओं की करियर काउंसलिंग की गई। युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और भविष्य में बेहतर करियर के विकल्पों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
जिला रोजगार अधिकारी श्री सतीश डोडिया ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में युवाओं को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप कौशल विकसित करने और स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री राजेश राठौड़ ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन