Rajendra Devray / Thu, Oct 1, 2026 / Post views : 136
कई महीनों से बंद पड़े मार्गदीप, अंधेरे के कारण गांव में दहशत का माहौल
नवरात्रि पर्व से पहले ग्रामीणों ने मार्गदीप चालू कराने की मांग की
जिम्मेदारों अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सन्नी माली
निसरपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम लोहारी, गोकुल सहित आसपास के गांवों में कई महीनों से मार्गदीप बंद पड़े होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार व्यस्त स्थानों पर लगाए गए मार्गदीप लंबे समय से बंद हैं। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही कई स्थानों पर अंधेरा छा जाता है। इससे रात में आने-जाने वाले लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए गांवों में रात्रिकालीन आवागमन भी बढ़ेगा। ऐसे में बंद पड़े मार्गदीपों को जल्द चालू किया जाना आवश्यक है।
सरपंच से संपर्क का प्रयास, नहीं मिल सका पक्ष
मार्गदीप बंद होने के संबंध में ग्राम पंचायत का पक्ष जानने के लिए सरपंच अमर सिंह वास्केल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद पंचायत पहुंचकर सरपंच से मिलने का प्रयास किया गया और काफी देर इंतजार भी किया गया, लेकिन सरपंच से मुलाकात नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पंचायत में नियमित रूप से नहीं आते हैं। पंचायत से संबंधित कार्य होने पर ग्रामीणों को उनके घर जाना पड़ता है।

जिम्मेदारों की कार्रवाई का इंतजार
गांवों में कई महीनों से बंद पड़े मार्गदीपों की समस्या सामने आने के बाद अब ग्रामीण जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गांवों का निरीक्षण कर बंद पड़े मार्गदीपों की स्थिति की जानकारी लेने और उन्हें शीघ्र चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नवरात्रि पर्व को देखते हुए मार्गदीपों की व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब संज्ञान लेते हैं और गांवों में लंबे समय से बंद पड़े मार्गदीप आखिर कब तक रोशन होते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन