Rajendra Devray / Wed, Sep 2, 2026 / Post views : 201
भादवा बीज पर धोबी समाज की 36 प्रतिभाओं का होगा सम्मान
कक्षा 1 से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी होंगे पुरस्कृत, सरकारी सेवा में चयनित प्रतिभाओं को भी मिलेगा सम्मान
प्रतापगढ़, 2 सितंबर। भादवा बीज पर्व के अवसर पर श्री आई माता वसीटा धोबी समाज सेवा समिति की ओर से धोबी समाज की शैक्षणिक एवं सरकारी सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर समिति की आवश्यक बैठक अरनोद रोड स्थित निज आवास पर आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष रमेशचंद्र टांक (सांवरिया होटल) ने की। समिति के संरक्षक दीपक टांक एवं सचिव मुकेश टांक ने बताया कि आगामी भादवा बीज पर्व पर वित्त वर्ष 2025-26 में कक्षा पहली से बारहवीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले कुल 36 प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही पिछले एक वर्ष के दौरान सरकारी सेवा में चयनित धोबी समाज की प्रतिभाओं को भी समारोहपूर्वक पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में भादवा बीज पर्व के आयोजन की तैयारियों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान श्री आई माता वसीटा धोबी समाज सेवा समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
10 सितंबर तक जमा करवाएं अंकतालिका
समिति की ओर से धोबी समाज के कक्षा पहली से बारहवीं तक उत्तीर्ण बालक-बालिकाओं से अपनी अंकतालिका की छायाप्रति जमा करवाने की अपील की गई है। अंकतालिका 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 की रात्रि 8 बजे तक धोबी चौक स्थित जितेंद्र हिंदल अथवा सूरजपोल दरवाजा स्थित अंकित इलेक्ट्रॉनिक्स पर अनिवार्य रूप से जमा करवाई जा सकती है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद दस्तावेज जमा नहीं किए जाने पर इसकी जिम्मेदारी समिति की नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन