Rajendra Devray / Mon, Aug 31, 2026 / Post views : 421
नालछा में सवर्ण समाज ने आर्थिक आरक्षण की मांग को लेकर निकाली रैली, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
यूजीसी कानून एवं एससी-एसटी कानून को लेकर जताई आपत्ति, सामान्य वर्ग के हित में आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग
नालछा। सामान्य वर्ग समाज के नागरिकों द्वारा सोमवार को आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर नालछा नगर में रैली निकाली गई। रैली सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष मोहनलाल शर्मा के नेतृत्व में नरसिंह मंदिर से प्रारंभ हुई, जो मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए थाना परिसर पहुंची। इस दौरान समाजजनों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।

थाना परिसर में महामहिम राज्यपाल, मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन थाना प्रभारी कैलाश बारिया को सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन युवा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा द्वारा किया गया।

ज्ञापन के माध्यम से सामान्य वर्ग समाज ने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग रखी। साथ ही प्रस्तावित यूजीसी कानून तथा एससी-एसटी कानून को लेकर भी अपनी आपत्तियां शासन के समक्ष रखीं। समाजजनों का कहना है कि शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर समान अवसर मिलना चाहिए।


समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रस्तावित कानून को लेकर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों एवं नागरिकों में चिंता का वातावरण है। उनका कहना है कि किसी भी कानून का दुरुपयोग न हो तथा सभी वर्गों के नागरिकों को समान रूप से न्याय एवं सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने शासन से मांग की कि कानूनों की समीक्षा कर सामान्य वर्ग के हितों का भी ध्यान रखा जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू होने से आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा, जिससे सामाजिक समरसता एवं देश के विकास को गति मिलेगी।
रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में विनोद ठाकुर, कांतिलाल शर्मा, विनोद इंदुरकर, मनोज मोदी, राजमल बंसल, धीरज शर्मा, कमल जैन, दीपक जैन, नंदकिशोर शर्मा, दिनेश कानूनगो, प्रीतम सिंह ठाकुर, पुष्पेंद्र गंगवाल, पं. दीपक द्विवेदी, जितेंद्र सिंह जाधव, पं. जगदीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन