Rajendra Devray / Fri, Sep 25, 2026 / Post views : 184
-
तैरस की रात नालछा में सजी सनातन संस्कृति की भव्य झांकियां
पांच नयनाभिराम धार्मिक झांकियों के साथ अखाड़ों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, शस्त्र कला ने मोहा दर्शकों का मन
भाजपा, कांग्रेस एवं ग्राम पंचायत के मंच से झांकी आयोजकों, कलाकारों एवं अखाड़ों के उस्तादों का हुआ सम्मान

नालछा। अनंत चतुर्दशी से एक दिन पूर्व तैरस की रात्रि में नालछा की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा एक बार फिर जीवंत नजर आई। नगर में विभिन्न समूहों एवं संगठनों द्वारा निकाली गई नयनाभिराम झांकियों के कारवां ने पूरी रात नगर को भक्तिमय एवं उत्सवमय बनाए रखा।

इस वर्ष निकाली गई सभी पांच झांकियां धार्मिक एवं सनातन संस्कृति पर आधारित रहीं।

1. कुशवाह चौपाटी की झांकी ने बांधा समां - सर्वप्रथम कुशवाह चौपाटी की झांकी रही। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के श्रीनाथजी स्वरूप को प्रदर्शित किया गया। साथ ही साइबर क्राइम से जागरूकता और कैंची धाम के संत बाबा नीम करोली महाराज पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ श्री राम दल अखाड़े ने हैरतअंगेज करतब दिखाए।

2. एनसीसी ग्रुप की झांकी - दूसरे क्रम पर एनसीसी ग्रुप की झांकी रही। इसमें राम पालकी धाम के ब्रह्मलीन संत श्री सर्वेश्वर दास जी महाराज, मां बगलामुखी की भव्य झांकी और लगभग 35 फीट लंबी झांकी में संपूर्ण शिव परिवार को दर्शाया गया।
3. अंबेडकर पैनल की झांकी - तीसरे क्रम पर अंबेडकर पैनल की झांकी रही। आगे बग्घी पर संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज एवं भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाएं और पीछे बाबा महाकाल का भव्य दरबार सजाया गया था। लक्ष्मण दल अखाड़े ने शानदार प्रदर्शन किया।

4. आशीर्वाद ग्रुप की झांकी - चौथे क्रम पर आशीर्वाद ग्रुप की झांकी रही। राजस्थानी नृत्य दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी और भगवान विष्णु के वराह अवतार को भव्य स्वरूप में प्रदर्शित किया गया। श्री श्याम दल अखाड़े ने शस्त्र कला दिखाई।
5. सर्व आदिवासी समाज की झांकी - पांचवें क्रम पर सर्व आदिवासी समाज की झांकी में भगवान शंकर के विराट स्वरूप को दिखाया गया। टंट्या दल अखाड़े ने रोमांचक करतब दिखाए।
मंच से सम्मान - भाजपा, कांग्रेस एवं ग्राम पंचायत नालछा के मंचों से अखाड़ों के उस्तादों, कलाकारों, झांकी आयोजकों का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
हजारों दर्शक रातभर झांकियों में डटे रहे - तैरस की इस ऐतिहासिक रात में नालछा सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। शाम करीब 7 बजे शुरू हुआ झांकियों का कारवां सुबह 4 बजे तक चला। साथ लगे मेले में भी भीड़ उमड़ी।
पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम पूरी रात सक्रिय रही और व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखी।
*रिपोर्ट - कांतिलाल शर्मा, पुलिस पब्लिक न्यूज़,

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन