Rajendra Devray / Fri, Oct 16, 2026 / Post views : 148
नालछा में नवरात्रि की धूम: माता रानी के दर्शनों को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
पारंपरिक वेशभूषा में सजी मातृशक्ति और नन्हे-मुन्ने बच्चे, डांडियों की खनक से गूंजे गरबा पंडाल
नालछा। शारदीय नवरात्रि के पंचम दिन नगर नालछा में मां दुर्गा की आराधना और गरबा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। माता रानी के दर्शनों के लिए मंदिरों में भक्तों की आवाजाही बढ़ रही है, वहीं नगर के विभिन्न गरबा पंडालों में भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति की मनोहारी छटा दिखाई दे रही है।

नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाएं और मातृशक्ति पारंपरिक एवं आकर्षक वेशभूषा में सज-धजकर गरबा पंडालों में पहुंच रहे हैं। गुजराती गरबा गीतों और मां की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की धुन पर डांडियों की झंकार वातावरण को भक्तिमय बना रही है। श्रद्धालु गरबा रास के माध्यम से मां भगवती की आराधना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

कालिका मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
नगर के कालिका मंदिर में सुबह और रात्रि के समय श्रद्धालु आरती-पूजन में शामिल होकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। शाम ढलते ही गरबा पंडालों में रौनक बढ़ने लगती है। बच्चे, युवा और महिलाएं उत्साहपूर्वक गरबा प्रस्तुत कर रहे हैं। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है।

नगर के विभिन्न पंडालों में गरबा महोत्सव की रौनक
नालछा के राजवाड़ा चौक, कुशवाह चौपाटी, कुमार मंडी, द्वारकाधीश मंदिर, आजाद मार्ग, शिव मंदिर, अंबेडकर कॉलोनी और जाट मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर आकर्षक गरबा प्रस्तुतियां हो रही हैं। प्रतिदिन श्रद्धालुओं और दर्शकों की बढ़ती सहभागिता से आयोजन स्थलों पर उत्सवी माहौल बना हुआ है।
शाम होते ही मां के भजनों और धार्मिक गीतों से नगर का वातावरण गूंज उठता है। श्रद्धालु मां भगवती की भक्ति में लीन होकर नवरात्रि पर्व का आनंद ले रहे हैं। नालछा में शारदीय नवरात्रि का यह उत्सव धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामूहिक उल्लास का संदेश दे रहा है।
जय माता दी! जय मां अंबे गौरी!

रिपोर्ट: कांतिलाल शर्मा, नालछा
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन