Rajendra Devray / Sun, Sep 6, 2026 / Post views : 224
निसरपुर में RTO का शिकंजा, स्कूली वाहनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 5 वाहन जब्त और कई पर चालानी कार्रवाई; स्कूल संचालकों में मचा हड़कंप
निसरपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर धार RTO विभाग ने शनिवार को निसरपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए निजी स्कूलों में बच्चों के परिवहन के लिए संचालित वाहनों की सघन जांच की। दोपहर करीब 12 बजे RTO की टीम निसरपुर पहुंची और विभिन्न स्कूलों के वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच वाहनों को जब्त कर निसरपुर चौकी परिसर में खड़ा कराया गया, जबकि अन्य वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।
पांच स्कूली वाहन किए जब्त
RTO की कार्रवाई के दौरान गुरुपद एकेडमी की एक ईको वाहन, पोद्दार जंबो एकेडमी कुक्षी की एक मैजिक तथा ओम्निसेंट एकेडमी के तीन वाहनों को जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को निसरपुर चौकी परिसर में खड़ा कराया गया।

वहीं प्राइम एकेडमी की एक बस में नियमों से संबंधित कमियां पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा नेहरू पब्लिक स्कूल के वाहनों में लगे अग्निशामक यंत्रों की वैधता अवधि समाप्त पाए जाने पर भी चालानी कार्रवाई की गई। RTO अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर विभाग सख्त
स्कूली बच्चों के परिवहन को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही थी। इनमें वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने तथा नियमों के विपरीत निजी वाहनों के उपयोग जैसी शिकायतें शामिल थीं।
इन्हीं शिकायतों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए RTO विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के दस्तावेज, सुरक्षा इंतजाम और अन्य आवश्यक मानकों की जांच की। नियमों में खामियां मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप
RTO की अचानक हुई कार्रवाई से निसरपुर क्षेत्र के निजी स्कूल संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। विभाग की कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने के लिए संचालित वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरण, अग्निशामक यंत्र सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अब स्कूल प्रबंधन के सामने व्यवस्था दुरुस्त करने की चुनौती है।
आगे भी जारी रह सकता है जांच अभियान
शनिवार को हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि RTO विभाग आने वाले दिनों में भी स्कूली वाहनों की जांच का अभियान जारी रख सकता है। ऐसे में निजी स्कूल संचालकों को अपने वाहनों के दस्तावेज एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को निर्धारित नियमों के अनुरूप रखने की जरूरत है।
RTO की इस कार्रवाई ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और उनके परिवहन में बरती जा रही व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि कार्रवाई के बाद स्कूल संचालक नियमों का पालन सुनिश्चित करते हैं या नहीं। वहीं क्षेत्रवासियों की नजर RTO विभाग की आगामी कार्रवाई पर भी बनी हुई
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन