Rajendra Devray / Tue, Sep 29, 2026 / Post views : 149
नवरात्र में नौ दिन गूंजेगा गरबों का उल्लास, भावसार समाज ने सौंपे दायित्व
चुनरी यात्रा, कन्या-पूजन व शस्त्र-पूजन सहित होंगे विभिन्न आयोजन
अंजड़:- क्षत्रिय भावसार समाज की आवश्यक बैठक सोमवार रात 8 बजे भावसार समाज मांगलिक भवन में समाज अध्यक्ष राजेंद्र भावसार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी नवरात्र पर्व को लेकर व्यापक चर्चा करते हुए नौ दिनों तक होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की रूपरेखा तय की गई। नवरात्र आयोजन को व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए भावसार समाज युवा मंडल के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व भी सौंपे गए।

बैठक में समाज कोषाध्यक्ष महेंद्र भावसार ने गत वर्ष आयोजित हिंगलाज जन्मोत्सव एवं नवरात्र पर्व के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। वहीं समाज धर्मशाला में प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर भी सदस्यों के बीच चर्चा कर आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

11 अक्टूबर से शुरू होंगे नवरात्र के आयोजन
उल्लेखनीय है कि क्षत्रिय भावसार समाज द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्र पर्व समाज की धर्मशाला में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी 11 अक्टूबर से नवरात्र पर्व के अवसर पर माताजी की स्थापना की जाएगी तथा लगातार नौ दिनों तक गरबा रास का आयोजन होगा।
नवरात्र के दौरान क्षत्रिय भावसार समाज महिला मंडल द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार समाज धर्मशाला से चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सतपुड़ा की पहाड़ी पर विराजित नगरी माता के मंदिर पहुंचेगी, जहां माताजी को चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की जाएगी।
महानवमी पर कन्या व शस्त्र पूजन
नवरात्र पर्व के दौरान प्रतिदिन रात 8:30 बजे माताजी की सामूहिक आरती होगी, जिसके पश्चात प्रसादी का वितरण किया जाएगा। रात 9 बजे के बाद गरबा रास का आयोजन होगा। वहीं महानवमी के अवसर पर कन्या पूजन एवं शस्त्र पूजन का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में सचिव ओम भावसार, रविन्द्र भावसार, सुनील भावसार, पप्पू भावसार, बबलू भावसार, जितेंद्र भावसार, अरविंद भावसार, राहुल भावसार, चिकि भावसार, संदीप भावसार, राहुल सैमसंग, गौरव वडनेरे, अंतिम भावसार, नीलेश भावसार सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन