Rajendra Devray / Wed, Oct 7, 2026 / Post views : 215
नवरात्रि-दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी
पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य, महिला सुरक्षा के लिए वालंटियर तैनात; गरबा आयोजन के समय भी निर्धारित
नालछा। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना प्रांगण नालछा में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नायब तहसीलदार श्री आशीष राठौड़ एवं थाना प्रभारी श्री प्रहलाद सिंह डिंडोर ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नवरात्रि के दौरान स्थापित होने वाले सभी पंडालों की सूची प्राप्त की गई। आयोजकों को पंडालों में सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचते हुए आयोजक सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।

महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
गरबा आयोजन के दौरान महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयोजकों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। रात्रि के समय गरबा स्थलों पर दो वालंटियर रात्रि में मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार गरबा आयोजन रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक संचालित होगा, जबकि अष्टमी एवं नवमी के अवसर पर रात्रि 2 बजे तक आयोजन की अनुमति रहेगी।
प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी पंचायत की
ग्राम की गलियों से लेकर दशहरा मैदान तक पर्याप्त विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी पंचायत को दी गई है। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान समय-समय पर निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में आयोजकों को निर्देशित किया गया कि गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों में आपत्तिजनक अथवा विवादित गीत न बजाए जाएं तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय परिस्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की गई।
इन स्थानों पर होगी माताजी की प्रतिमा स्थापना
नालछा में राजवाड़ा चौक, कुशवाह चौपाटी, कुमार मंडी, अंबेडकर कॉलोनी, कालका माता मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, पुलिस थाने के पीछे आजाद मार्ग, शिव मंदिर सोनी जी के घर के सामने, मजरे आवल्या तथा बेड़ा शंकर मंदिर के सामने माताजी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
बैठक में ग्राम के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न पंडालों के आयोजक उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व मनाने की अपील की।
रिपोर्ट — कांतिलाल शर्मा, नालछा
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन