Rajendra Devray / Fri, Sep 4, 2026 / Post views : 343
रिमझिम फुहारों में निकली भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा
नालछा में ग्वालवंशी (अहिर) परिवार ने धूमधाम से मनाया जन्मोत्सव, ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंजा नगर
नालछा/धार। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर नालछा में ग्वालवंशी (अहिर) परिवार द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रिमझिम फुहारों के बीच निकली शोभायात्रा में नालछा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, वरिष्ठजन, गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

पूरे यात्रा मार्ग में ‘नंद के घर आनंद भयो’, ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 10 बजे कुम्हार मंडी स्थित अति प्राचीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ। शोभायात्रा ग्वाल मोहल्ला, रामपालकी धाम मार्ग, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, पं. चंद्रशेखर आजाद मार्ग, श्री राम बस्ती, सोमेश्वर महादेव मंदिर मार्ग एवं कुशवाह मोहल्ला होते हुए पुनः श्री राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। यहां भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती के पश्चात छप्पन भोग, माखन-मिश्री महाभोग, खीर, फल एवं फरियाली खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया गया।

बाल कृष्ण का मनमोहक स्वरूप रहा आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में सबसे आगे बैंड द्वारा सुमधुर धार्मिक गीतों की प्रस्तुति दी गई। इसके पीछे श्रद्धालु भक्तगण, ढोल-ढमाके और बड़ी संख्या में मातृशक्ति शामिल रही। इसके बाद सजी आकर्षक बग्घी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण का बाल स्वरूप में माखन खाते हुए अत्यंत मनमोहक स्वरूप स्थापित किया गया था।

बग्घी में सुप्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पर तपस्यारत श्री श्री 1008 श्री राजेंद्र पुरी जी महाराज भी विराजित रहे।
शोभायात्रा के पीछे आकर्षक झांकी शामिल की गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को लड्डू गोपाल स्वरूप में झूले पर झूलते हुए दर्शाया गया। नगरवासियों ने झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और श्रद्धापूर्वक लड्डू गोपाल को झूला झुलाया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया। मातृशक्ति ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर कन्हैया को रिझाया, वहीं श्रद्धालु भी भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में नृत्य करते हुए आनंद में झूमते नजर आए।
पीले कुर्ते और लाल पगड़ी में नजर आया ग्वाल परिवार
शोभायात्रा में ग्वाल परिवार की एकरूपता भी आकर्षण का केंद्र रही। परिवार के पुरुष सदस्य एक जैसे पीले कुर्ते एवं लाल पगड़ी में नजर आए, जबकि महिला वर्ग ने एक जैसी लाल पोशाक धारण कर सहभागिता की। पारंपरिक वेशभूषा ने शोभायात्रा की भव्यता और आकर्षण को और बढ़ा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन