Rajendra Devray / Fri, Aug 14, 2026 / Post views : 317
मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, हिरासत में लेकर बड़वानी भेजा
अंजड़ में युवा संवाद सम्मेलन के बाद गरमाया राजनीतिक माहौल, जमकर हुई नारेबाजी
कांग्रेस के कार्यकर्ताओंक द्वारा जब काले झंडे दिखाए गए और नारे लगाए गए तब समय 5: बज कर 05 मिनट हो रहा था उसके 1 घंटे पूर्व ही मुख्यमंत्री बड़वानी से भोपाल की ओर रवानाह गए थे

अंजड़/बड़वानी। नगर अंजड़ में युवक कांग्रेस द्वारा स्थानीय नक्षत्र गार्डन में युवा संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष सहित पूर्व गृहमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाला बच्चन मौजूद रहे।

युवा संवाद सम्मेलन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए देश और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा आगामी समय में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
डबल इंजन की सरकार पर बाला बच्चन का हमला

पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “डबल इंजन की सरकार का इंजन फेल हो चुका है और अब यह सरकार ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है।” उन्होंने संसद में चल रहे गतिरोध को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। बच्चन ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को संसद में आकर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि संसद का पूरा सत्र समाप्त हो गया, लेकिन प्रधानमंत्री और गृहमंत्री इस मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार नहीं हुए। उन्होंने कहा कि जनता भी सरकार के कामकाज को देख रही है।
मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी, काले झंडे लेकर बड़वानी जाने की तैयारी
युवा संवाद कार्यक्रम के समापन के बाद युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता नवलपुरा स्थित पेट्रोल पंप के पास एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और काले झंडे लेकर बड़वानी जाने की तैयारी करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने “मुख्यमंत्री हमसे डरता है, पुलिस को आगे करता है” और “मुख्यमंत्री की तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए बड़वानी जाना चाहते हैं।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर कार्यकर्ताओं को रोका
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया और उन्हें बड़वानी ले जाया गया। घटनाक्रम के बाद प्रशासन एवं पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई।
मुख्यमंत्री के बड़वानी दौरे के बीच अंजड़ में हुए इस विरोध प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस पब्लिक न्यूज़ चैनल | अंजड़ से विशेष रिपोर्ट
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन